शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। कोतवाली लालगंज के महेशपुर गांव मे विपक्षियो ने पीडित तथा उसकी पत्नी को लाठी डंडे से मारपीट कर लहुलूहान कर दिया। गुरूवार की शाम करीब सात बजे गांव के पूर्व बीडीसी राजेंद्र यादव अपने घर के पीछे बैठे हुये थे। इतने मे गांव के हरकेश यादव अपने चार सहयोगियो के साथ उसके घर आ धमके और पीडित की पत्नी प्रीती यादव को गालीगलौज करते हुये मारने पीटने लगे। घायल प्रीती जब घर के अंदर जान बचाने को घुसी तो आरोप है कि विपक्षियो ने घर के अंदर भी उसके साथ अभद्रता करते हुये मारपीट की। पीडित के मुताबिक उसकी पत्नी इधर आठ माह से प्रसव से भी पीडित है। चोट लगने से उसकी हालत नाजुक हो गई तथा उपचार के लिये चुटहिल प्रीती को अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। पत्नी की पिटाई देख बीचबचाव करने जब पीडित राजेंद्र पहुंचा तो उसे भी विपक्षियो ने मारापीटा। सूचना मिलने पर सरकारी एम्बुलेंस सेवा एक सौ आठ मौके पर पहुंची और घायल पति पत्नी को स्थानीय सीएचसी इलाज के लिये ले आई। पीडित राजेंद्र ने शुक्रवार की सुबह कोतवाली मे आरोपियो के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायलो का इलाज कराया। इधर राजेंद्र के विपक्षी ऋषि उर्फ नन्हें ने भी तहरीर देकर रंजिशन राजेंद्र यादव समेत चार के खिलाफ मारपीट किये जाने की बात कही है। इस बाबत कोतवाल अंगदराय का कहना है दोनो पक्षो की ओर से तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जायेगी।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ