शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान व सचिव न्यायिक अधिकारी श्रीमती मधु डोगरा के निर्देशानुसार शनिवार को यहां एंटी रैगिंग ला विषय पर हेमवती नंदन बहुगुणा महाविद्यालय लालगंज में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पीएलवी निरंजन प्रकाश तिवारी ने छात्रों को बताया, कि एंटी रैगिंग कानून के तहत किसी भी छात्र-छात्रा की रैगिंग नहीं की जा सकती। उन्होनें बताया कि यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी विधिक कार्यवाही का प्राविधान रखा गया है। वहीं उन्होंने बताया कि किसी भी नागरिक का उत्पीड़न ना हो और उसे कानून की मदद मिल सके इसकी जागरूकता के लिए जगह-जगह इस तरह के शिविर लगाए जाते हैं। गोष्ठी को संबोधित करते हुये अधिवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार कुलभूषण शुक्ला ने कहा कि गांव के लोगों को कानून की जानकारी हो और किसी भी तरह का विवाद या लड़ाई झगड़ा होने पर उन्हें कानून की सहायता मिल सके, इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आप लोगों के लिए निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान की जाती है। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुये ऑल इंडिया रूरल बार एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने एंटी रैगिंग ला पर जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक कालेज में एक एंटी रैगिंग कमेटी होगी एक स्क्वायड होगा जो समय-समय पर औचक निरीक्षण करेगा तथा इसके लिये हेल्प लाइन नंबर की भी व्यवस्था की गई है। उन्होनें यह भी बताया कि कक्षाओं मे दाखिले के समय छात्रों से रैंगिग के खिलाफ शपथ पत्र भी लिए जाएंगे। बतौर मुख्यअतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डा. राजकुमार पाण्डेय ने कहा कि सभी नागरिकों को आवश्यक कानून का ज्ञान होना चाहिए। उन्होनें कहा कि विधि के समक्ष सभी समान होते हैं। प्राचार्य डा. पाण्डेय ने बताया कि भारतीय संविधान में प्रत्येक नागरिक को मूल अधिकार प्रदान किए गए हैं, उनके साथ मौलिक कर्तव्य बताए गए हैं। उन्होंने मूल कर्तव्य को बताते हुए कहा कि हमें अपने अधिकारियों का प्रयोग करते समय कर्तव्यो को भी ध्यान में रखना चाहिए ताकि दूसरे नागरिकों के अधिकारों का अतिक्रमण ना हो सके । कार्यक्रम का संचालन अखिलेश विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर ममता पांडे, नीतू मिश्रा, अंजू देवी ,ज्योति सिंह, शालू शुक्ला, वंदना उपाध्याय, प्रधान रामचंद्र सरोज, कामता प्रसाद वर्मा, अलका शुक्ला ,श्वेता सिंह, आशु , प्रेमा गौड़ आदि लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ