शिवेश शुक्ला
दिल्ली से आ रही यात्री सेवा मे लूट की बेखौफ वारदात से मचा हडकम्प
प्रतापगढ़। जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र मे बेखौफ बदमाशों ने गुरूवार की भोर नेशनल हाईवे पर रोडवेज यात्री सेवा मे लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बादशाहपुर डिपो की दिल्ली से आ रही परिवहन निगम की यात्री सेवा मे पहले से सवार बदमाशों ने तमंचे की नोंक पर परिचालक से इक्तालिस हजार रूपये लूट की वारदात अंजाम दे जानलेवा धमकी देते चले गये। बदमाशों के द्वारा लूट की वारदात को देख बस मे सवार यात्री भी सहम उठे तथा उनकी जान भी सांसत मे आ गई। लूट की घटना से भयभीत परिचालक की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशो के खिलाफ पुलिस ने लूट का केस दर्ज किया है। बुधवार की शाम यात्री सेवा को लेकर परिचालक जौनपुर जिले के मछलीशहर के मधुरी मतरी निवासी प्रभाशंकर लालगंज कोतवाली के सगरा सुंदरपुर बाजार पहुंचा। यहां से तीन अज्ञात लोग बस पर सवार हो गये। थोडी दूर बस के चलने पर परिचालक ने इन लोगों से टिकट बनवाने को कहा। इस पर तीनो अचानक परिचालक के पास आ धमके तथा उसे गाली देते हुये तमंचा सटा दिया। वहीं एक बदमाश ने चालक पर भी तमंचा सटा दिया। बदमाशो ने परिचालक से रूपये भरा बैग छीन लिया। यही नही बदमाशो द्वारा लूट की घटना मे परिचालक के पास पर्स मे मौजूद पंद्रह सौ रूपये भी बदमाशो ने छीन लिया। लूटे गये बैग मे निगम का यात्री टिकट भी बदमाशो के हाथ लगा है। इसके बाद बदमाश हाइवे के गहरी मोड पर चालक व परिचालक को धमकाते हुये उतर गये। गनीमत यह थी कि यात्री सेवा मे मोहनगंज बाजार के लिये मात्र पांच यात्री बचे थे। हालांकि बदमाशो ने यात्रियो के साथ कोई घटना को अंजाम नहीं दी। इसके बाद पीडित परिचालक प्रभाशंकर कोतवाली की लीलापुर पुलिस चौकी पहुंचा और हादसे की पुलिस को जानकारी दी। पुलिस यात्री सेवा को लेकर कोतवाली आई। वहीं यात्री सेवा मे लूट की वारदात की जानकारी होते ही पुलिस मे हडकम्प मच गया। कोतवाल अंगदराय तथा सीओ ओपी द्विवेदी एवं जिले के अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी पूर्णेन्दु सिंह ने भी घटना को लेकर जांच पडताल शुरू की।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ