शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। प्रदेश के ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप उर्फ मोती सिंह ने रविवार को लालगंज के निरीक्षण गृह मे शासन द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की कड़ी समीक्षा की। वहीं कैबिनेट मंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के साथ जनसमस्याओं की भी सुनवाई करते हुये अफसरों से निदान को लेकर शीघ्र प्रभावी कदम उठाये जाने के कडे निर्देश दिये। कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने निरीक्षण गृह मे सबसे पहले अफसरों के साथ शासकीय योजनाओं तथा विकास कार्योे मे मुख्यमंत्री की प्राथमिकता से जुडी योजनाओ के संचालन की हकीकत खंगाली। मंत्री श्री सिंह ने अफसरो को किसानो को कहीं से भी होने वाली असुविधाओं के त्वरित निस्तारण मे प्राथमिकता बरतनें को कहा। मौजूदा समय मे धान की नर्सरी की तैयारी के बाबत किसानो को सिंचाई की सुविधा को लेकर अफसरो को खास ऐहतियात बरतने के निर्देश दिये। उन्होनें नहरो के संचालन को दुरूस्त रखने व ग्रामीण क्षेत्र मे विद्युत आपूर्ति सेवा को भी समयबद्ध सुचारू रूप से संचालित कराये जाने को कहा। कैबिनेट मंत्री मोती सिंह ने बैठक मे मौजूद एसडीएम महेंद्र सिंह से तहसील स्तर पर संचालित सभी शासकीय योजनाओ की गुणवत्तता की समीक्षा के निर्देश के साथ प्रगति को लेकर आख्या भी तलब की। वहीं उन्होनें एसडीएम को सरकारी क्षेत्र से खाद्यान्न आपूर्ति की व्यवस्था मे भी खामियों पर बेहिचक दोषियो के खिलाफ कडी कार्रवाई के तल्ख निर्देश दिये। मंत्री राजेंद्र सिंह ने सीओ ओमप्रकाश द्विवेदी से स्थानीय चौक पर अतिक्रमण को लेकर पुलिस द्वारा शीघ्र कार्रवाई कराने को कहा। उन्होनें कानून और व्यवस्था को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता ठहराते हुये अपराध नियंत्रण की कार्रवाईयों मे बिना किसी दबाव के कठोर कदम जारी रखने के निर्देश दिये। बैठक मे तहसीलदार ओमप्रकाश पाण्डेय, अवर अभियंता सुभाष शर्मा, कोतवाल अंगदराय आदि अफसर रहे। इसके बाद मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओ के साथ भी मुलाकात कर संगठनात्मक कार्यो को लेकर वृहद विचारविमर्श भी किया। इस मौके पर किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष केके सिंह, पूर्व प्रमुख रमेश प्रताप सिंह, राजेश तिवारी, हरिशंकर द्विवेदी, बृजेंद्र पाण्डेय मंटू, आदि रहे।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ