अखिलेश्वर तिवारी/धर्मेन्द्र प्रताप
बलरामपुर ललिया ।। जनपद बलरामपुर के तहसील क्षेत्र तुलसीपुर अंतर्गत विकासखंड हरैया सतघरवा के अकबरपुर कला निवासी राजेन्द्र प्रसाद वर्मा पुत्र रक्षा राम वर्मा को जिले में सर्वाधिक दुग्ध उत्पादन के लिए गोकुल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है । जनपद बलरामपुर में दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश स्तर पर पुरस्कार प्राप्त करने वाले राजेंद्र वर्मा पहले ऐसे दुग्ध उत्पादक बन गए हैं जिन्हें प्रदेश स्तर पर चौथी बार सम्मानित किया गया है । उनके सम्मान से पूरे जिले का गौरव बढ़ा है और क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों तथा दुग्ध उत्पादकों व किसानो ने उनकी इस उपलब्धि के लिए बधाइयां दी हैं ।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र प्रसाद वर्मा को आज लखनऊ में दुग्ध विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया । इससे पहले भी राजेन्द्र वर्मा को तीन बार गोकुल पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है । गोपालक होने के साथ साथ राजेन्द्र प्रसाद परिषदीय विद्यालय के अध्यापक भी है । श्री वर्मा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2012 में एक गाय के साथ गोपालन शुरू किया था, और आज उनके पास 20 गायें और तीन भैंस मौजूद है। एक दिन में करीब 140 लीटर दुग्ध का उत्पादन कर रहे हैं ।
उन्होंने बताया कि गायों की देखभाल व रख रखाव के लिए उचित प्रबंधन रखना पड़ता है । गर्मी में उनके लिए पंखे व ठंडी में बंद कमरों की व्यवस्था रखनी पड़ती है । समय समय पर टीके व पौष्टिक आहार देना पड़ता है जिसकी वह समय समय पर पूरी व्यवस्था करते हैं । दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उन्होंने जिले का नाम रोशन किया है । उनकी इस उपलब्धि के लिए गणमान्य नागरिकों तथा क्षेत्रीय किसानों ने उन्हें बधाई दी है।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ