अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर की नोडल अधिकारी सचिव माध्यमिक शिक्षा संध्या तिवारी ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान आज कलेक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर से जुड़े अधिकारियों तथा नोडल एजेंसी के साथ समीक्षा बैठक की । बैठक में श्रीमती तिवारी ने एक-एक विभाग की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सख्त हिदायत के साथ निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप यदि कार्य नहीं पाया गया तो कड़ी कार्यवाही भी की जाएगी ।
समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पूर्ति विभाग, सुरक्षा विभाग व बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्य की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए । समीक्षा बैठक के बाद नोडल अधिकारी ने कलेक्ट्रेट के पास ही बन रहे दीवानी न्यायालय भवन का निरीक्षण किया । निरीक्षण में खामियां पाए जाने पर उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियर को फटकार लगाई तथा कमियों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया । जिले में बाढ़ के खतरे को देखते हुए उन्होंने अपरजिलाधिकारी अरुण कुमार शुक्ला से बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए की गई तैयारी की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान यह प्रयास किया जाना चाहिए कि किसी भी नागरिक को कोई समस्या ना आने पाए । अपर जिलाधिकारी ने बाढ़ की तैयारी की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि 90 नाव की खरीदारी कराई गई है तथा 32 बाढ़ राहत चौकियों को अलर्ट पर रखा गया है । इसके अलावा एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ की टीम को पहले ही बुला लिया गया है जो बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जगह-जगह कैंप लगाकर लोगों को बाढ़ से निपटने की प्रशिक्षण दे रहे हैं ।
समीक्षा बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृतिका ज्योत्सना के अलावा तमाम जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी व नोडल एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ