शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। मवेशी चराने गये किशोर का शव लोनी नदी मे करीब पौने चार घंटे बाद कडी मशक्कत के बाद बरामद हो सका। हालांकि परिजनों ने किशोर के शव का पीएम कराने से मना कर दिया। गौरतलब है कि कोतवाली लालगंज की लीलापुर चौकी के खरगपुर गांव के इमरान का पुत्र जावेद (14) बीती गुरूवार की शाम गांव के समीप लोनी नदी के किनारे मवेशी चराने गया था।
मृतक थोडी देर बाद अपने भाई नावेद को वहीं छोड लोनी नदी मे नहाने चला गया। थोडी देर मे वह गहरे पानी मे डूबने लगा। भाई को डूबता देख नावेद चीखपुकार करते घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। आननफानन मे परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे किंतु तब तक जावेद गहरे पानी मे समा गया था। सूचना मिलने पर एसडीएम व सीओ तथा कोतवाल मौके पर पहुंचे और आधा दर्जन से अधिक गोताखोरो को बुलवाकर जावेद के शव की तलाश शुरू कराई। देर रात करीब पौने आठ बजे घटनास्थल से करीब पचीस मीटर दूर गोताखोर जावेद का शव तलाश सके। इधर किशोर की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनो मे कोहराम मच गया।
शुक्रवार को मृतक जावेद को परिजनो ने कब्रिस्तान मे दफन किया। बतादें किशोर के लोनी नदी मे समा उठने के बाद मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल रामकृपाल तथा राजस्व निरीक्षक चंद्रकांत पाण्डेय ने एसडीएम को फोन पर उस समय किशोर के बरामद होने की सूचना दे दी। जब ग्रामीण गहरे पानी मे किशोर की तलाश मे जुटे थे। इधर गलत सूचना की जानकारी होने पर नदी किनारे मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और लेखपाल तथा कानूनगो की जमकर धुनाई भी कर दी थी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ