अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय बलरामपुर दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है वहीं महामहिम राज्यपाल राम नाईक का एक दिवसीय बलरामपुर भ्रमण भी तय हो चुका है । दोनों अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन को लेकर तैयारियां तेजी से की जा रही हैं । प्रशासन पूरी तरह से एलर्ट है और भारत नेपाल सीमा पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है । कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए मंडलायुक्त सुदेश कुमार ओझा तथा डीआईजी अनिल कुमार राय ने जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश व सीडीओ कृतिका ज्योत्सना के साथ दोनों कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए । तुलसीपुर में निरीक्षण के दौरान देवीपाटन मंदिर के महंत मिथिलेश नाथ योगी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे ।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अक्टूबर को दोपहर बाद बलरामपुर के पुलिस लाइन ग्राउंड में हेलीकॉप्टर द्वारा पहुंचेंगे । पुलिस लाइन में ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी और वहीं पर भाजपा पदाधिकारियों के साथ भी बैठक आयोजित की जाएगी । समीक्षा बैठक के उपरांत सीएम योगी देवीपाटन जाएंगे और वहीं पर रात्रि विश्राम का कार्यक्रम निश्चित किया गया है । 8 अक्टूबर को देवीपाटन मंदिर प्रबंधन द्वारा संचालित आदि शक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल परिसर में स्थापित किए गए गोरक्ष पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ के प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा ।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे तथा मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल महामहिम राम नाईक प्रतिमा का अनावरण करेंगे । परिसर में ही दोनों अतिथियों द्वारा संबोधन होगा । तत्पश्चात राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री मां पाटेश्वरी का दर्शन करने देवीपाटन मंदिर जाएंगे और वहीं से वापस लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे । पूरे कार्यक्रम के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त किए गए हैं ।
पुलिस प्रशासन तथा जिला प्रशासन दौरे को लेकर पूरी तरह से सतर्कता बरत रहा है । मंडलायुक्त ने पुलिस लाइन में अधिकारियों से वार्ता के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए वहीं डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा मौजूद पुलिस अधिकारियों को चुस्त-दुरुस्त सुरक्षा व्यवस्था के लिए निर्देश जारी किए ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ