शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। जिले के ऐतिहासिक भरत मिलाप के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। रविवार की शाम से शुरू होने वाले भरत मिलाप में भारी भरकम फोर्स के साथ ही स्पेशल दस्ता भी मौजूद रहेगा। यही नहीं उनका नेतृत्व करने स्वाट टीम के अलावा महिला पुलिसकर्मी करेंगे। इसके अतिरिक्त अधिक भीड़ वाली जगहों पर कैमरे भी लगा दिए गए हैं।
इस बार भरत मिलाप के लिए प्रशासन ने भारी तैयारी की है। सुरक्षा की दृष्टि से पहली बार इतनी ज्यादा तैयारी की जा रही है। ऐसी कोई जगह नहीं छूट रही है जहां पुलिस के जवान मौजूद न हों। यही नहीं फतेहपुर इलाहाबाद व कौशांबी की पुलिस भी ड्यूटी करने पहुंच रहे हैं। इसके अलावा दूसरे जिलों से 800 पुलिस के जवान भी मेले में ड्यूटी करेंगे। इमसें एसआई हेडकांस्टेबल के साथ ही कांस्टेबल और होमगार्ड शामिल होंगे। जिले के अलावा बाहर से आने वाले सात सीओ 18 एसओ मेले का नेतृत्व करेंगे।
इन सभी को अलग-अलग दलों के रूटों पर लगाया जाएगा। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी अतिरिक्त मौजूद रहेगी। यह किसी भी बवाल या बड़े विवाद के वक्त हरकत में आएगी। इतना ही नहीं भीड़ भाड़ वाले इलाकों की निगरानी को 50 जगहों पर कैमरे लगाए गए हैं। यह भीड़ में मौजूद हर अराजकतत्वों पर नजर रखेंगे। इन्हें आपरेट कर रहा आपरेटर लगातार इसके माध्यम से कमरे में बैठकर लोगों पर निगाह रखेगा। संदिग्ध स्थिति को देखते ही यह कंट्रोल रूम को कैमरा नंबर के साथ गड़बड़ी की खबर करेगा।
सादी वर्दी में मुस्तैद रहेंगे पुलिसकर्मी
भरतमिलाप के मेले पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी चक्रमण करेंगे। महिला आरक्षियों के साथ पुरुष आरक्षी भी सादी वर्दी में भ्रमण करते हुए मनचलों पर निगाह रखेंगे। मनचलों पर तत्काल कार्रवाई होगी। सभी को हवालात की हवा खिलाई जाएगी।
दलों के पीछे चलेंगे थानेदार
भरतमिलाप के दिन दल भी निकलेंगे। आकर्षक झांकियों के साथ ही चौकियों के साथ चलने वाले दलों की सुरक्षा में फोर्स तैनात रहेगी। सभी दलों के आगे पीछे एक थानेदार फोर्स लेकर मुस्तैद रहेंगे। जो दलों का रास्ता खाली कराने के साथ ही लोगों पर निगाह रखेंगे।
शहर में भारी वाहन नहीं कर सकेंगे प्रवेश
भरत मिलाप के मद्देनजर रविवार की सुबह 10 बजे से शहर में वाहनों का रूट परिवर्तित कर दिया जाएगा। सुबह 10 बजे से इलाहाबाद की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को भुपियामऊ से रानीगंज, जामताली, पट्टी होते हुए कोहंड़ौर निकाला जाएगा। इसी तरह सुल्तानपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को भी इसी रूट से वापस किया जाएगा। इसके अलावा रायबरेली से बनारस की तरफ जाने वाले वाहनों को सुखपाल नगर से भुपियामऊ की तरफ भेज दिया जाएगा। शाम चार बजे से शहर के अंदर की तरफ चार पहिया वाहनों को रोका जाने लगेगा। इसके बाद दो पहिया वाहनों को भी प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ