शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र मे पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने गरूणवाहिनी पुलिस सेवा का शुक्रवार को खुद की अगुवाई मे आकस्मिक चेकिंग अभियान के तहत शुभारंभ किया। एसपी देवरंजन वर्मा अचानक पूर्वान्ह कोतवाली मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होनें मातहतो को बाइक चेकिंग की गरूणवाहिनी पुलिस सेवा का पाठ पढ़ाया। उन्होनें कहा कि अपराधियो को आपराधिक वारदात की जरा सा भी गुंजाइश न देने के लिये इन्हें दबोचने के लिये हर वक्त गरूडवाहिनी लोगो के बीच मुस्तैद नजर आयेगी।
एसपी ने बताया कि पांच बाइको के संयुक्त पुलिस दस्ते के द्वारा किसी भी समय औचक चेकिग अभियान के तहत बैंक प्रतिष्ठानो तथा स्कूल कालेजो के सामने एकत्रित होने वाली भीड़ व संदिग्ध वाहनों की सघन जांच पड़ताल के लिये यह पुलिस दस्ता हर वक्त मुस्तैद नजर आयेगा। एसपी ने इस दस्ते मे अग्रिम पंक्ति मे दो बाइको पर तथा इसके ठीक पीछे तीन बाइको पर कवर करने वाली पुलिस टीम की तैनाती व इसकी कार्य पद्धति का मातहतो को प्रशिक्षण भी दिया। इसके बाद एसपी देवरंजन स्वयं बाइक चलाते हुये नगर क्षेत्र से लेकर संगम चौराहा, बाबूगंज व सगरा बाजार मे गरूणवाहिनी दस्ते की आकस्मिक चेकिंग अभियान की प्रक्रिया का मातहतो को बोध कराया। एसपी के अचानक नगर क्षेत्र से ग्रामीण क्षेत्रो की बाजारो मे बाइक से खुद चेकिंग की कमान संभाले देख लोगों मे कौतूहल देखा गया।
वहीं कई दोपहिया वाहन सवारो को पुलिस टीम को लेकर इधर उधर भी लुकते छिपते भी देखा गया। गरूणवाहिनी ने एसपी की अगुवाई मे कई संदिग्ध वाहनों को दबोचा तथा बिना कागजात के मिलने वाली बाइको को कोतवाली पहुंचवाया। इसी क्रम मे पुलिस की एक विशेष टीम ने नगर मे बैंक प्रतिष्ठानों मे भी सुरक्षा प्रबन्धों का औचक निरीक्षण किया। पुलिस कप्तान के करीब दो घंटे तक कोतवाली क्षेत्र मे बाइक से निकलने को लेकर सर्किल के अन्य समीपवर्ती थानों मे भी पुलिसकर्मियों के बीच हडकम्प का माहौल बना दिखा। एसपी के साथ चेकिंग अभियान मे कोतवाल अंगदराय भी मौजूद देखे गये।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ