शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ । सौभाग्य बिजली योजना के सम्बन्ध में डीएम कैम्प कार्यालय में सभागार में गोविन्द राजू एनएस, आईएएस प्रबन्ध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई । प्रबन्ध निदेशक ने उपस्थित बिजली विभाग के अभियन्ताओं एवं कार्यदाई संस्था बजाज के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि यह योजना हर घर में बिजली कनेक्शन देने की बहुत अच्छी योजना है, इसके लिए आवेदकों से पूर्ण भरा हुआ फार्म लिया जाए एवं उनका आधार नम्बर एवं परिवार के एक सदस्य का मोबाईल नम्बर अवश्य अंकित कर लिया जाए । जब इससे संबंधित कनेक्शनधारी का कटिया कनेक्शन यदि है तो उसे हटवा दिया जाए एवं अधिकृत कनेक्शन जोड़वा दिया जाए । जानकारी में कार्यदाई संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि 10 गाॅंवों में एस0टी0 का कार्य पूरा करा लिया गया है जिसमें कुल 35 मजरे है ।
कुल 1197 डिस्ट्रिब्यूशन ट्रांसफर चाहिए जिसके सापेक्ष 347 ट्रांसफारमर उपलब्ध बताया गया । जिलाधिकारी से एम0डी0 ने विचार विमर्श कर निर्देशित किया कि इनके स्टोर का संयुक्त निरीक्षण कराकर सामानों की एवं ट्रांसफारमर के स्टाक की स्थिति की जानकारी रखी जाए । बजाज कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधि को एम0डी0 ने निर्देशित किया कि वह अपने देखरेख एवं संरक्षण में उपलब्ध स्टाक का विवरण उपलब्ध रखें एवं कार्य को समय से पूरा कराऐं । यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी समस्या पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक कर उसका समाधान करा लें । बताया गया कि साईट पर 12041 पोल उपलब्ध है । अवशेष वांछित पोल की उपलब्धता तुरन्त सुनिश्चित कराई जाए । प्रगति विवरण जो विद्युत विभाग द्वारा एवं कार्यदाई संस्था द्वारा प्रस्तुत किया गया उसका मिलान नहीं हुआ । निर्देशित किया गया कि विद्युत विभाग एवं कार्यदाई संस्था आपस में समन्वय स्थापित कर वास्तविकता के आधार पर प्रगति विवरण बनाएं एवं डाटाफीडिंग कराएं । आर0के0ई0सी0 के कार्यों पर एवं उसके सर्वे पर चर्चा हुई एवं इस पर निर्देशित किया गया कि इसका भी विवरण डाटा पर फीड कराया जाये । अधूरे कार्यों पर एम0डी0 ने कड़ा रूख अपनाते हुए निर्देशित किए कि समय सीमा के अन्दर अविलम्ब कार्य पूरे कराए जाॅय एवं मजरा वाईज विवरण की डाटा फीडिंग कराई जाए । गैंग की उपलब्धता कम होने पर निर्णय लिया गया कि विद्युत विभाग के गैंगों को भी कार्यदाई संस्था के साथ लगा दिया जाय ।
कांट्रेक्टर्स एवं विद्युत अभियंताओं तथा कार्यदाई संस्था द्वारा संयुक्त रूप से बराबर बैठक कर कार्य पूरा होने सम्बन्धी कार्ययोजना बनाकर त्वरित गति से कार्य पूरा कराए जाॅय । इस माह के अंत तक कार्य पूरा हो जाने का आश्वासन एम0डी0 को दिया गया । बैठक में जिलाधिकारी शम्भु कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राज कमल यादव, विद्युत मुख्यालय के टेक्निकल डाईरेक्टर अंशुल अग्रवाल, मुख्य अभियन्ता इन्द्रजीत, अधीक्षण अभियन्ता सुनील कुमार सिंह, अधिशासी अभियन्ता राम सनेही यादव, बजाज कार्यदाई संस्था के मंजूनाथ सहित विद्युत विभाग के सभी अभियन्ता उपस्थित रहे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ