कच्ची जहरीली शराब कारोबारियों का गढ़ है गौरवा
ए. आर. उस्मानी / सुरेश तिवारी
गोण्डा। मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में कच्ची जहरीली शराब पीने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के चार नाबालिग बच्चे बताए जाते हैं, जिनमें दो लड़के और दो लड़कियां हैं।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गौरवा कानूनगो के मजरा बढ़ई पुरवा निवासी दूधी (29 वर्ष) पुत्र ननकन शाम को गांव में बन रही कच्ची जहरीली शराब पिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। बताते हैं कि उसके नाक से खून आने लगा और थोड़ी देर बाद ही तड़प तड़प कर उसने दम तोड़ दिया। गांव के लोगों ने बताया कि कच्ची शराब पीने से उसे कांटा लग गया और नाक से खून आने लगा, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मृतक के दो लड़के व दो लड़कियां हैं, जो अभी नाबालिग बताए जाते हैं। चारों बच्चों के सिर से कच्ची शराब ने बाप का साया उठा दिया। लोगों का कहना है कि अब नाबालिग बच्चों की देखभाल और भरण पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। मृतक दूधी बहुत ही गरीब था। बताते चलें कि 1 वर्ष पहले मृतक का बड़ा भाई स्वामीनाथ टीवी रोग से पीड़ित था, लेकिन गरीबी के चलते इलाज न करा पाने के कारण उसकी भी मौत हो गई थी।
सूत्र बताते हैं कि मोतीगंज थाना क्षेत्र का गौरवा कानूनगो गांव कच्ची जहरीली शराब कारोबारियों का गढ़ है। यहां हल्का पुलिस के संरक्षण में शराब की भट्ठियां खुलेआम धधकती हैं। हल्का दरोगा और सिपाही कच्ची शराब के धंधेबाजों से प्रतिमाह एक निश्चित रकम वसूलते हैं, जिसके बदले वे इन कारोबारियों को खुली छूट दे रखे हैं। बताया जाता है कि पुलिस शराब का अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती है। इससे उनका मनोबल बढ़ा हुआ है और वे खुलेआम शराब के गोरखधंधे को परवान चढ़ाने में लगे हुए हैं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ