कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विधानसभा वार कुर्सियों की खिंचवाई फोटो
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शनिवार को करनैलगंज के कादीपुर बरदही बाजार में लोकसभा क्षेत्र कैसरगंज की कमल संदेश बाइक रैली का आयोजन किया गया, जिसमें लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधान सभाओं के प्रत्येक बूथ से मोटर साइकिलों पर आए कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद पूर्णिमा वर्मा, विशिष्ट अतिथि मुकुट बिहारी वर्मा कैबिनेट मंत्री के पुत्र गौरव वर्मा, विधायक कटरा बावन सिंह, तरबगंज विधायक प्रेमनरायन पांडेय, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, धर्मेंद्र कुमार पांडेय, चन्द्र प्रकाश सिंह, केके श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम स्थल पर ज्यादातर खाली पड़ी कुर्सियों को देखकर सांसद बृजभूषण शरण सिंह की भृकुटी तन गयी। वे कार्यकर्ताओं से बार बार कुर्सियां भरने के लिए कहते रहे लेकिन उनकी अपील का कोई असर नहीं हुआ। इससे खिन्न सांसद ने गहरी नाराजगी जताते हुए विधानसभा वार कुर्सियों की फोटो खिंचवा डाली। इतना ही नहीं, उन्होंने तो यहां तक कह डाला कि बाद में 'हिसाब' लूंगा!
कार्यक्रम की अध्यक्षता विन्देश्वरी प्रसाद सिंह लाल साहब ने किया। दोपहर में दीप प्रज्ज्वलन कर सांसद बृजभूषण शरण सिंह व अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम में गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, मोहित पांडेय, विवेक सिंह, श्याम बिहारी दूबे, लोकसभा कैसरगंज संयोजक अकबाल बहादुर, चन्द्रशेखर गोस्वामी, अन्नू भारती, सरदार जोगिन्दर सिंह जानी, कृष्ण गोपाल वैश्य, अशोक सिंह, रामकुमार मौर्या, छेम पाठक, कन्हैया लाल वर्मा, संजय यज्ञसैनी, जगदीश्वर नन्द मिश्रा, बब्लू सिंह उपस्थित रहे।
शव वाहन, एम्बुलेंस सहित दूल्हे की गाड़ी भी फंसी
भाजपा के कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के समर्थन में आयोजित इस बाइक रैली के चलते गोंडा-लखनऊ मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। बस स्टाप पर परसपुर की ओर से आए कार्यकर्ताओं के काफिलों को नियंत्रित करने में एसडीएम व सीओ जटा शंकर राव सहित अन्य कई थानों की पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं शादी रचाने जा रहे दूल्हे की गाड़ी, श्मशान दाह संस्कार के लिए जा रही बस व कई एंम्बूलेंस इस दौरान काफी देर तक भीड़ में फंसी रहीं। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद इन गाड़ियों को पास करवाया।
खाना को लेकर रही कार्यकर्ताओं में अफरातफरी
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए मंच के दोनों ओर खाने की व्यवस्था की गयी थी। कार्यक्रम के दौरान ही खाना खाने को लेकर कार्यकर्ताओं में अफरातफरी का माहौल हो गया, जिससे भाषण के दौरान की कई बार खाना बन्द करने की घोषणा की जाती रही।
भाजपाइयों ने निकाली स्वच्छ भारत मिशन की हवा
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को पानी पिलाने के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलास का धड़ल्ले से प्रयोग किया गया। यही नहीं, बगल में ही संचालित स्कूल के परिसर में कार्यकार्ताओं ने इन गिलासों को फेंक कर स्वच्छता मिशन की हवा निकाल दिया। इतना सब कुछ होने के बाद भी स्वच्छता का दंभ भरने वाले नेता सब कुछ देखकर अंंजान बने रहे।
बाल श्रम कानून की भी उड़ी धज्जियां
कार्यक्रम के दौरान वहां चल रहे खाने के इंतजाम में नाबालिग बच्चों को लगाया गया था, जिनसे प्लेटें धुलवाने से लेकर अन्य काम लिए जा रहे थे। बाल श्रम कानून को लेकर लम्बे लम्बे भाषण देने वाले नेता इन्हीं बच्चों पर पानी के व प्लेटों के लिए चिल्लाते हुए दिखाई दिए।






Bahut barhiya coverage.. I'll share it as much as possible
जवाब देंहटाएंthnx
जवाब देंहटाएं