जमीन पर पड़े तार से बड़ी घटना की आशंका
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। विकास खंड कटरा बाजार की ग्राम पंचायत अहियाचेत के मजरे अहिया में ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, जिसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा विद्युत विभाग को दी गई। इस पर विभाग से कुछ कर्मचारी आए और ट्रांसफार्मर को उतारकर जमीन में रख दिए तथा नंगा तार जमीन पर छोड़ दिए, जिसमें हमेशा करंट रहता है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
बताया जाता है कि ट्रांसफार्मर उतारते समय एक विद्युत पोल टूट गया था, इसलिए ट्रांसफार्मर ऊपर रख नहीं सके। दोबारा ग्रामीणों को बताया कि कल पोल लेकर आता हूं और फिर ट्रांसफॉर्मर रखूंगा, उसके बाद लाइन जोड़ दी जाएगी। गांव के गुड्डू मिश्रा का कहना है कि 8 महीना बीत गया, लेकिन अभी तक ना तो कोई पोल लाया और न ही लाइन जोड़ी गयी।
आठ माह से तार जमीन पर पड़ा है, जिसमें आपूर्ति के दौरान करंट रहता है। इससे कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। लल्लू तिवारी का कहना है कि जब भी हम लोग दूरभाष द्वारा जेई से संपर्क करते हैं तो उनका कहना होता है कि अपने पैसे से पोल खरीदकर गड़वा दो, तो हम उस पर ट्रांसफार्मर लगवा दें। पेशकार मिश्रा का कहना है कि जल्दी से जल्दी यदि इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कभी भी कोई भी बड़ी घटना घट सकती है। लाइनमैन रमेश द्वारा बताया गया कि यदि ग्रामीण अपना ट्रैक्टर ट्राली लेकर यहां से पोल ले जाएं, तो मैं उसे गड़वा सकता हूं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ