15 नवंबर को ही परदेस से घर आए थे पति - पत्नी
सुरेश कुमार तिवारी
मोतीगंज, गोण्डा। मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात्रि एक महिला ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद करके फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मोतीगंज थाना क्षेत्र के ग्रामसभा गौरवा कानूनगो के मजरा अहमदनगर निवासी घनश्याम वर्मा की पत्नी रीतू वर्मा (उम्र 22 वर्ष) अचानक रात में घर के अंदर रस्सी के फंदे पर लटक कर जान दे दी। बताया जाता है कि मृतका का पति रात में गांव के ही पास हो रही नौटंकी नाच देखने गया था। नाच देख कर प्रातः लगभग 4 बजे जब वह घर वापस आया, तो दरवाजा खोलने के लिए खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इस पर उसने खिड़की के रास्ते से अंदर देखा तो उसकी पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी और दरवाजा अंदर से बंद था।
उक्त घटना की जानकारी मृतका के पति ने ग्राम प्रधान को दी। ग्राम प्रधान ने तुरंत इसकी सूचना मोतीगंज पुलिस को दी। सूचना पाते ही थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज मयफोर्स मौके पर पहुंचे और नायब तहसीलदार को भी सूचना दी। मौके पर नायब तहसीलदार सत्यपाल प्रसाद भी पहुंचे। उसके बाद दरवाजा तोड़कर लाश को बाहर निकलवा कर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया।
घटना के बारे में थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि मृतका की शादी वर्ष 2009 में हुई थी और 2017 में उसका गौना आया था। पति पत्नी परदेस में रह रहे थे। विगत 15 नवंबर को ही पति पत्नी अपने गांव आए थे। मृतका का मायका खमरिया पकड़ी थाना कोतवाली देहात में है। पत्नी की आत्महत्या की सूचना पति द्वारा अपने ससुरालीजनों को दी गई। सूचना मिलते ही मृतका का भाई रमेश कुमार गांव के कई लोगों के साथ अपनी बहन के ससुराल पहुंचा। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका के मायके वालों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ