ए. आर. उस्मानी / मोहम्मद रियाजुद्दीन
नवाबगंज, गोंडा। अमन के गुलशन नवाबगंज में मोहसिने इंसानियत हजरत मोहम्मद साहब की विलादत व सआदत (जन्मदिन) के मौके पर जुलूसे शाने मोहम्मदी पूरे शानो-शौकत के साथ निकाला गया। या नबी सलाम अलैका या हबीब सलाम अलैका, सरकार की आमद मरहबा जैसे गगनचुंबी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
जुलूस गांधी चौक स्थित मदरसा मोइनुल उलूम के ग्राउंड से बुधवार की देर शाम जामा मस्जिद कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर इकबाल अहमद, हाजी मोहम्मद शफीक, भोदू खान, कारी कुर्बान कादरी, सईद अंसारी की निगरानी में निकाला गया। जुलूस को संबोधित करते हुए नवाबगंज के सुन्नी जामा मस्जिद के शाही इमाम कारी मोहम्मद शरीफ ने कहा कि प्यारे नबी मोहम्मद साहब अमन, भाईचारगी और इंसानियत के शहंशाह थे।
इसलिए जुलूसे शाने मोहम्मदी हमें अमन और भाईचारे का पैगाम देता है। जुलूस में नवाबगंज के विभिन्न अंजुमन और कमेटी के नौजवानों ने अलग-अलग मस्जिदों के मॉडल, समाधियों के नक्शे, वलियों के आसतानों का मॉडल पेश किया, जिसमें मणि का नक्शा, सरकार की नालेन मुबारक (जूते ) का नक्शा, अल्लाह का घर खाना ए काबा का तवाफ करते हाजियों का मंजर, मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा।
जुलूस में चल रही झांकियों का नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. सतेंद्र कुमार सिंह, समाजसेवी नबी बक्श कादरी, शाबान अली हनफी, निसार खान, डॉक्टर शफीक अहमद ने जियारत की और नौजवानों की हौंसला अफजाई किया। जुलूस में जगह जगह शीरीनी तकसीम हो रही थी। लोग सरकार की आमद मरहबा की सदा बुलन्द करते हुए एक दूसरे को सरकार की आमद की मुबारकबाद पेश करते रहे।
जुलूस नगर भ्रमण करते हुए देर रात गांधी चौक पर जामा मस्जिद के इमाम कारी मोहम्मद शरीफ की मुल्क में अमन शांति की दुआ पर खत्म हुआ। एसडीएम तरबगंज सौरभ भट्ट, पुलिस क्षेत्राधिकारी तरबगंज कृष्ण चन्द्र सिंह जुलूस पर नजर बनाए हुए थे। कोतवाल नवाबगंज राकेश सिंह, कस्बा इंचार्ज विपिन सिंह दल बल के साथ मुस्तैद रहे। जुलूस में इस्लाम कमेटी सब्जी मंडी के अध्यक्ष अबु सुफियान, कल्लू, बब्लू चौधरी, अजी मुल्ला, अनवर मोहम्मद अंसारी, बाबू खान, मोहम्मद आरिफ खान, मोहम्मद इरशाद बाबू व टीपू आदि का योगदान सराहनीय रहा।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ