9 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित जनाक्रोश महारैली को लेकर हुआ मंथन
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। मंगलवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया जनपद गोंडा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा सिंचाई विभाग डाक बंगला में आगामी 9 दिसंबर को रमाबाई पार्क लखनऊ में आयोजित होने वाली जनआक्रोश महारैली को सफल बनाने हेतु बैठक की गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता, छात्र, नौजवान, महिलाएं शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं को जिलाध्यक्ष सुरेश शुक्ल, मंडल प्रभारी प्रेम प्रकाश वर्मा, सह मंडल प्रभारी मंटू काजी, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश भाटी, जिला प्रभारी आपदा हरण सिंह, प्रमुख महासचिव जमाल मोहम्मद चौधरी, अल्पसंख्यक प्रदेश सचिव कारी साहब, जिला उपाध्यक्ष राकेश सिंह, आशीष यादव, संतराम तिवारी, मदन मोहन मिश्रा, केडी यादव, सीटू शिल्पकार, जाबिर अनीस सिद्दीकी, छात्र नेता अंकित शुक्ला सहित कई प्रमुख नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने अपने सम्बोधन में कार्यकर्ताओं से आगामी 9 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित जन आक्रोश रैली में भारी संख्या में पहुंचकर सफल बनाने की अपील की। बैठक में जिलाध्यक्ष सुरेश शुक्ल ने उपरोक्त नेताओं की उपस्थिति में 4 दर्जन से अधिक विभिन्न दलों को छोड़कर आने वाले नेताओं, कार्यकर्ताओं, नौजवानों, छात्र - छात्राओं एवं महिलाओं को पीएसपीएल की सदस्यता प्रदान की।
छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश भाटी ने छात्र नेता शिवम सोनी को छात्र सभा का जिला अध्यक्ष, अंकित शुक्ला को प्रदेश कमेटी का महासचिव एवं देवीपाटन मंडल का प्रभारी बनाने का ऐलान किया। बैठक में शामिल होने से पूर्व छात्र नेता अंकित शुक्ला एवं शिवम सोनी के नेतृत्व में सैकड़ों मोटरसाइकिल पर सवार होकर छात्रों एवं नौजवानों ने लखनऊ रोड पर चौपाल सागर के पास से मंडल प्रभारी प्रेम प्रकाश वर्मा, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश भाटी की अगुवानी की और फूल मालाओं से लाद दिया।
पार्टी प्रमुख शिवपाल सिंह यादव जिंदाबाद के नारे लगाते हुए मोटर साइकिलों पर सवार युवाओं, छात्रों द्वारा अंबेडकर चौराहा होते हुए सिंचाई डाक बंगला तक लाया गया। डाक बंगले में जिलाध्यक्ष श्री शुक्ल व मंडल सह प्रभारी मंटू काजी ने अपने सैकड़ों साथियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बाहर से आए नेताओं का भव्य स्वागत किया।
इस मौके पर सुरेश शुक्ल ने कहा कि जिस तरीके से सैकड़ों की संख्या में छात्र, नौजवान, महिलाएं एवं युवाओं ने पीएसपीएल की पहली बैठक में शामिल होकर 9 दिसंबर को लखनऊ में आयोजित महारैली को सफल बनाने का संकल्प लिया है, उससे यह बात साफ है कि आने वाले दिनों में शिवपाल सिंह यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री अवश्य बनेंगे।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ