स्कार्पियो चालक ने ओवरटेक करते समय विधायक की सफारी में मारी ठोकर
मोतीगंज पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज, चालक हिरासत में
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। मोतीगंज थाना क्षेत्र के दनौवा गांव के पास बुधवार को एक स्कार्पियो चालक ने गौरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रभात वर्मा की गाड़ी में ठोकर मार दी, जिसमें वे बाल बाल बच गए। सूचना मिलते ही डायल 100 पीआरवी टीम के साथ ही थानाध्यक्ष व चौकी इंचार्ज भी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
बुधवार की शाम करीब छह बजे गोण्डा के गौरा क्षेत्र के बीजेपी विधायक प्रभात कुमार वर्मा अपनी सफारी यूपी 43 एएफ 4950 से चालक, गनर व एक अन्य युवक के साथ जिला मुख्यालय से वापस घर जा रहे थे। वे दर्जीकुआं - मनकापुर मार्ग पर स्थित मोतीगंज थाना क्षेत्र के दनौवा गांव के पास पहुंचे थे कि उनकी गाड़ी को पीछे से आ रही स्कार्पियो के चालक ने ओवरटेक करते समय विधायक की सफारी में ठोकर मार दी, जिससे उसके दाहिने साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में विधायक व उनके साथ चल रहे अन्य लोगों को खरोंच तक नहीं आयी। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे स्कार्पियो चालक को विधायक के गनर व चालक ने पकड़ लिया और इसकी सूचना मोतीगंज थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज को दी गई। सूचना मिलते ही यूपी डायल 100 पीआरवी 0865 के उपनिरीक्षक देवेन्द्र नाथ पांडेय तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज व कहोबा चौकी प्रभारी रामचन्द्र गौतम भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्कार्पियो को कब्जे में लेकर थाने चले आए।
इस सम्बंध में मोतीगंज थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज ने बताया कि विधायक प्रभात वर्मा के चालक विक्रम प्रताप वर्मा पुत्र बृजमोहन वर्मा निवासी सैदापुर थाना खोड़ारे द्वारा दी गई तहरीर पर स्कार्पियो चालक लालबाबू पुत्र संतोष कुमार निवासी ग्राम जानकीनगर बेसहूपुर थाना मोतीगंज के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ