मण्डल को मिला अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल, योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण
नन्दिनी नगर में बनेगा इन्डोर स्टेडियम, प्रदेश सरकार देगी बजट
मण्डल की दो सड़कों का होगा चैड़ीकरण, सीएम ने जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजने के दिए आदेश
कुश्ती में भारत का शानदार प्रदर्शन खेलों के प्रति लोगों के नजरिए में बदलाव का परिणाम : सीएम
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शुक्रवार को नवाबगंज स्थित नन्दिनी नगर में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप का शुभारम्भ तथा नन्दिनी नगर महाविद्यालय में ही नवनिर्मित ओलम्पिक एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले स्विमिंग पूल का उदघाटन किया, तत्पश्चात नन्दिनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कुश्ती प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारम्भ ध्वजारोहण कर व शांति के प्रतीक सफेद कबूतर छोड़कर किया। मुख्यमंत्री ने कुश्ती के मंच पर पहुंचकर पहलवानों का हाथ मिलाकर कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमित अभ्यास और संयमित जीवन ही पहलवानों की पूंजी है। उन्होंनेे कहा कि खेल में हार-जीत का कोई महत्व नहीं होता है बल्कि खेलों में सौहार्द का समावेश होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नन्दिनी नगर से निकले पहलवानों ने देश को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और कई मेडल भी झटके हैं।
सीएम ने कुश्ती के चार दांव बताते हुए कहा कि यह खेल हमारी पुरातन परम्परा और संस्कृति से जुड़ा हुआ खेल है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल के बारे में उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कुश्ती में इतिहास रच चुके जनपद गोण्डा के युवा, अब तैराकी प्रतियोगिताओं में भी प्रदेश और जनपद का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने कुश्ती चैम्पियनशिप में प्रतिभाग करने वाले पहलवानों को शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद बृजभूषण शरण सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से विगत वर्षों में भारत ने ओलम्पिक हो या एशियाड अथवा एशियाई कुश्ती चैम्पियनशिप, भारत के पहलवान पदक ही नहीं जीत रहे हैं, बल्कि देश के लिए ट्राफी भी ला रहे हैं जो कि भारतीय कुश्ती के लिए बहुत ही सुखद और शुभ संकेत है। देश के लिए पदक जीतने वाले पहलवानों सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक का नाम लेते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने देश का नाम अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसा खेल हमारे शरीर को बलिष्ठ बनाने का भी काम करता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा एशियन गेम्स और काॅमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को छह करोड़ से अधिक की धनराशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आगे भी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर सम्भव मदद करेगी।
कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस अवसर पर घोषणा किया कि देश के लिए मेडल जीतने वाले तमाम पहलवानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता कुश्ती फेडरेशन की ओर से दी जाएगी। उदघाटन कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
राष्ट्रीय कुश्ती चैम्पियनशिप का उदघाटन करने आए मुख्यमंत्री ने मण्डल को तीन सौगातें दीं। उन्होंने घोषणा किया कि प्रदेश सरकार नन्दिनी नगर में इन्डोर खेलों के लिए इन्डोर स्टेडियम बनवाने के लिए धनराशि प्रदान करेगी तथा करनैलगजंज-हजूरपुर रोड और आर्यनगर-पृथ्वीनाथ मन्दिर से झालीधाम मन्दिर तक रोड का चौड़ीकरण कराए जाने की घोषणा की। उन्होेंने डीएम को आदेश दिए कि वे अतिशीघ्र सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजें जिससे जल्द से जल्द स्वीकृति देकर धनराशि भेजी जा सके।
उदघाटन कार्यक्रम में आयुक्त देवीपाटन मण्डल सुधेश कुमार ओझा, डीआईजी अनिल कुमार राय, डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव, एसपी राकेश प्रकाश सिंह, विधायक सदर प्रतीक भूषण सिंह, विधायक प्रेम नरायण पाण्डेय, विधायक विनय द्विवेदी, विधायक प्रभात वर्मा, विधायक पल्टूराम, विधायक सुभाष त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्र, भापजा नेता सूर्य नरायन तिवारी, शेष नरायान मिश्र, पूर्व विधायक अवधेश सिंह मंजू सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी, पहलवान व दर्शक मौजूद रहे।




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ