जिला जज, डीएम व एसपी ने जनपद कारागार का किया औचक निरीक्षण
कैदियों को हरहाल में मानक के अनुरूप दी जाएं सुविधांए : जिला जज
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जनपद न्यायाधीश राघवेन्द्र ने वृहस्पतिवार को डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव, एसपी आरपी सिंह व प्रभारी सीजेएम हरीराम के साथ जिला जेल का औचक निरीक्षण किया गया। अधिकारियों द्वारा महिला कैदी बैरक, पुरूष बैरक, भोजनालय, विद्यालय, अस्पताल, लाइब्रेरी, भण्डार गृह आदि का गहन निरीक्षण किया गया।
इससे पहले अधिकारियों ने कैदियों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए सम्बन्धित को निर्देश दिए। कारागार में व्याप्त अव्यवस्थाओं को देखकर जिला जज व अन्य अधिकारी दंग रह गए।
कुछ कैदियों द्वारा आंख में परेशानी होने की बात जिला जज से बताई गई, जिस पर उन्होंने निर्देश दिए कि जेल में अतिशीघ्र नेत्र परीक्षण शिविर लगवाएं तथा कैदियों को आवश्यकतानुसार चश्मा व दवाइयां दिलाएं। कैदियों द्वारा लाॅकअप में गन्दगी होने की शिकायत की गई। इस पर डीएम ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बैरकों की साफ-सफाई नियमित रूप से कराएं। भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण करने के दौरान दाल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिली।
डीएम ने जेल अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए कि कैदियों को मानक के अनुरूप ही भोजन उपलब्ध कराया जाय। डीएम ने आटा ठीक से न गूंथने पर असंतोष व्यक्त किया और ठीक से गूंथने के निर्देश दिए। भोजनालय में रोटी बनाने की मशीन खराब पाई गई, जिस पर जिला जज ने जेल अधीक्षक को मशीन तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। जिला जज ने आदेश दिए कि जेल अधीक्षक रोजाना पांच सदस्यों को भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए नामित कर डेली गुणवत्ता की रिपोर्ट उन्हें व डीएम के पास भोजन चखकर भेजेंगे।
डीएम ने यह भी निर्देश दिए कि बैरकों में लगातार रंगाई-पुताई आदि का कार्य कराते रहें। जेल अस्पताल में भर्ती कैदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा उन्हें मर्ज के अनुसार दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। लाइब्रेरी के निरीक्षण में जिला जज ने निर्देश दिए कि कैदियों के ज्ञानवर्धन के लिए वाद-विवाद व लेखन प्रतियोगिता का आयोजन कराएं तथा जरूरत हो तो और पुस्तकों की खरीद कराएं। जिला जज व डीएम ने ऐसे कैदियों को तत्काल सरकारी वकील मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं, जिन्होंने आर्थिक परेशानी अथवा अन्य किन्हीं कारणों से वकील नहीं करा पाए हैं और जमानत अथवा पैरवी के लिए परेशान हैं।
इस दौरान जेल अधीक्षक शशिकान्त सिंह, सीओ सिटी महावीर सिंह, कोतवाल नगर अशोक सिंह, कोतवाल देहात हर्षवर्धन सिंह, एसपी के पीआरओ मुकेश कुुुमार सिंह तथा न्याय विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ