सुनील उपाध्याय
बस्ती । क्षेत्र पंचायत सदस्य संघ की बैठक गुरूवार को जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ‘छोटे’ की अध्यक्षता में शास्त्री चौक के निकट सम्पन्न हुई। बैठक में वर्ष 2018-19 की कार्य योजना स्वीकृत न किये जाने पर चिन्ता व्यक्त करते हुये निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र कार्य योजना स्वीकृत न हुई तो क्षेत्र पंचायत सदस्य विकास खण्डों पर होने वाली बैठकों का बहिष्कार करेंगे।
बैठक को सम्बोधित करते हुये जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ‘छोटे’ ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने अधिकारों के लिये निरन्तर संघर्ष कर रहे हैं। अनेकों बार धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया गया। जिलाधिकारी डा. राजशेखर ने मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय एवं सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि 15 नवम्बर तक कार्ययोजना स्वीकृत होने की प्रक्रिया पूरी कर लिया जाय। एक माह बीतने वाले हैं किन्तु अभी तक कार्ययोजना स्वीकृत न होने से क्षेत्र पंचायत सदस्य हैरान हैं।
क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं बहादुरपुर ब्लाक अध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह, सतीश मिश्र ने कहा कि सीडीओ जान बूझकर प्रकरण को उलझा रहे हैं और डीएम के निर्देश की भी अनदेखी की जा रही है। विकास प्रक्रिया से क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अलग-थलग कर दिया गया है। बीडीसी सदस्य इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बैठक में पवन सिंह, अवधेश पाण्डेय, अजय पाण्डेय, अमित सिंह, अजय शुक्ल, शेर मोहम्मद, अनिल पाण्डेय, इन्द्रजीत यादव, साहबराम यादव, सोमनाथ शर्मा, रामवृक्ष चौधरी, राम दयाल, इन्द्रभान चौधरी, बजरंगीलाल यादव, राणा सिंह, गोपाल दूबे, आनन्द सिंह, राजकुमार यादव, भीम विक्रम सेन, अभय प्रताप यादव, सन्नी पाण्डेय, रंगनाथ पाण्डेय आदि बीडीसी सदस्य उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ