अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय पंडित अटल बिहारी बाजपेई के पंचानवे जयंती अवसर पर बलरामपुर के विभिन्न विद्यालयों तथा सरकारी प्रतिष्ठानों पर उनके जीवन के तों से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन का निर्देश शासन द्वारा दिया गया है । पंडित अटल बिहारी वाजपेई की बलरामपुर कर्मभूमि रही है और वह बलरामपुर से ही पहली बार 1957 में चुनकर लोकसभा मे पहुंचे थे ।
अटल जी के व्यक्तित्व से जिले के लोग व्यक्तिगत रूप से काफी प्रभावित भी हैं । आज महारानी लाल कुंवारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं द्वारा कविता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय की तमाम छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया ।
एमएलके महाविद्यालय के प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि पंडित अटल बिहारी बाजपेई के पंचानवे जयंती के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में दो दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है । पहले दिन कविता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ वहीं 25 दिसंबर को दूसरे दिन वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा ।
आज कविता प्रतियोगिता में कुल 16 छात्र छात्राओं ने प्रतिभाग किया जिनमें प्रथम स्थान पर बी ए द्वितीय वर्ष की हितिशा श्रीवास्तव, द्वितीय स्थान पर बीकॉम द्वितीय वर्ष की स्निधा श्रीवास्तव तथा तृतीय स्थान बीएससी द्वितीय वर्ष के अर्पित शुक्ला ने हासिल किया । इस प्रतियोगिता का संयोजन डॉक्टर तारीख कबीर द्वारा किया गया तथा निर्णायक मंडल में डॉ नीरजा शुक्ला, डॉ चंद्रशेखर पांडे व अरुण प्रकाश पांडे शामिल थे ।
दूसरा आयोजन भाषण प्रतियोगिता के रूप में किया गया जिसमें कुल 11 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया । इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीएड के कार्तिकेय शुक्ला ने हासिल किया । द्वितीय स्थान पर बी ए द्वितीय वर्ष की इतिशा श्रीवास्तव व तृतीय स्थान बी ए द्वितीय वर्ष की शिखा पांडे ने हासिल किया । इस प्रतियोगिता का संयोजन डॉ आर के पांडे द्वारा किया गया और इसके निर्णायक मंडल में प्रखर त्रिपाठी व विमल वर्मा शामिल थे ।
प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा । प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थी ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ