ओवर लोडेड गाड़ियों के खिलाफ चलेगा अभियान
क्राइम जंक्शन लाइव की ख़बर पर डीएम ने कसा शिकंजा
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा विशेषकर कोहरे में ट्रैक्टर-ट्राली में रेफ्लेक्टर न होने से होने वाली दुर्घटनाओं से बचने के लिए शनिवार तड़के परिवहन विभाग द्वारा बजाज कुन्दरखी चीनी मिल में गन्ना किसानों की ट्रैक्टर ट्रालियों में रेफ्लेक्टर लगाया गया। एआरटीओ सर्वेश गौतम ने स्वयं की उपस्थिति में अभियान चलाकर किसानों की गाड़ियों में रेफ्लेक्टर लगवाए।
बताते चलें कि पिछले दिनों क्राइम जंक्शन ने इस बाबत गोण्डा की चीनी मिलों पर नहीं लागू होता योगी का फरमान ! शीर्षक से समाचार प्रमुखता से प्रसारित किया गया था। समाचार में ओवरलोड तथा बगैर रिफ्लेक्टर के गन्ना ढो रहे ट्रालों से होने वाली दुर्घटनाओं को ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया था। प्रसारित समाचार को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी कैप्टन प्रभांशु श्रीवास्तव ने परिवहन विभाग को ओवरलोडिंग तथा रिफ्लेक्टर के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया।
एआरटीओ डॉ. सर्वेश गौतम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जिले में रेफ्लेक्टर लगवाने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुन्दरखी चीनी मिल गेट पर लगभग 100 किसानों की ट्रैक्टर-ट्राली में रेफ्लेक्टर लगवाया गया।
उन्होंने बताया कि मनकापुर से गौरा चौकी एवं अयोध्या रोड पर दर्जीकुआं में आये दिन दुर्घटनाएं होती हैं, जिसका प्रमुख कारण गन्ना लदी ट्रेक्टर ट्रॉलियां हैं। परिवहन विभाग द्वारा इस क्षेत्र को ब्लैक स्पॉट के रूप में बताया गया है। इसी संदर्भ में रोड पर चलने वाली ट्रैक्टर और ट्रॉलियों को रोक कर रिफ्लेक्टर लगवाया गया।
साथ ही चीनी मिल प्रबंधन एवं परिवहन विभाग द्वारा गन्ने के तौल से पूर्व एवं बाद में रिफ्लेक्टर लगवाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि यह अभियान लगातार एक हफ्ते तक परिवहन विभाग द्वारा चलाया जायेगा।
सभी किसानों को निःशुल्क रिफ्लेक्टर देकर लगवाया गया जिस पर किसानों ने खुशी जाहिर की और जिलाधिकारी व परिवहन विभाग को धन्यवाद ज्ञापित किया।
एआरटीओ श्री गौतम ने बताया कि कोई वाहन स्वामी अथवा ड्राइवर कार्यालय से काउंटर न. 1 से रिफ्लेक्टर मुफ्त प्राप्त कर सकता है। वहीं डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉलियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि अपनी क्षमता से ज्यादा वजन वहन करते पाए जाने वाले वाहन चालकों व मालिकों के खिलाफ कार्यवाही निश्चित ही की जाएगी।
रेफ्लेक्टर लगाने के दौरान चीनी मिल के प्रबंधन की तरफ से कौशलेन्द्र कांत सिंह, हेमंत पाठक, एनके भट्ट, माहेश्वर शर्मा उपस्थित रहे।




एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ