अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। उत्तर प्रदेश में योगी की सरकार बनने के बाद घोषणा किया गया था कि प्रदेश की पटरी से उतर चुकी शिक्षा व्यवस्था तथा उस का स्तर सुधारने के लिए सकारात्मक कार्य किए जाएंगे और उसी के तहत यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने का फैसला भी लिया गया था जिसके बाद परीक्षा को निष्पक्ष व निर्विबाद संपन्न कराने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने का निर्णय लिया गया ।
गत वर्ष कैमरे के साथ वॉइस रिकॉर्डिंग की व्यवस्था नहीं थी जिसके कारण शिकायतें आ रही थीं कि कैमरा भले ही लगे हैं परन्तु कुछ सेंटरों पर बोल कर नकल कराया गया है । इस संभावना को समाप्त करने के लिए इस बार वॉइस रिकॉर्डिंग कैमरे भी लगाए गए हैं । प्रत्येक कक्ष में दो कैमरे लगाए गए हैं जिसमें 1 कैमरे के साथ वॉइस रिकॉर्डिंग भी लगाया गया है जिससे की नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके ।
जिला विद्यालय निरीक्षक महेंद्र कुमार कनौजिया ने बताया कि जनपद बलरामपुर में कुल 27870 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे जिसमें हाई स्कूल के 17092 तथा इंटरमीडिएट के 10748 छात्र-छात्राएं शामिल हैं । जिले में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं जिसके लिए 15 सेक्टर 3 जोनल तथा 6 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है । इसके अलावा पांच सचल दल लगातार परीक्षा की निगरानी करेंगे तथा 3 जोनल मजिस्ट्रेट रिजर्व के रूप में उपस्थित रहेंगे ।
उन्होंने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है । सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कक्ष के अंदर 22 सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं जिसमें एक कैमरा वॉइस रिकॉर्डिंग का होगा । परीक्षा केंद्र के बाहर भी पुलिस विभाग द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कराई जा रही है ।
जिले के कुल 53 परीक्षा केंद्रों में 5 परीक्षा केंद्र संवेदनशील तथा एक परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील घोषित किया गया है ।इन सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे । अति संवेदनशील परीक्षा केंद्र किसान इंटर कॉलेज गणेशपुर धवाई पचपेड़वा को घोषित किया गया है जबकि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों में फजले रहमानिया इंटर कॉलेज पचपेड़वा, नरसिंह भगवान इंटर कॉलेज भीखपुर, राम अवध यादव इंटर कॉलेज रेडवलिया पेहर, डॉक्टर भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज गुमड़ी तथा पंडित राम दुलारे स्मारक इंटर कॉलेज घुघुललपुर शामिल है ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ