Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

बलरामपुर:देवी पाटन में आगामी नवरात्र मेला को लेकर आयोजित की गई बैठक









अखिलेश्वर तिवारी 
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के तहसील तुलसीपुर से सटे हुए ग्राम देवी पाटन में देश के 51 शक्तिपीठों में से एक देवीपाटन शक्तिपीठ स्थित है । देवीपाटन के दर्शन हेतु पूरे देश के कोने कोने से श्रद्धालु नवरात्र में पहुंचते हैं । इसके अलावा पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं । 




चैत्र नवरात्र में देवीपाटन मंदिर पर पंचमी तिथि से लेकर नवमी तिथि तक नेपाल के बाबा रतन नाथ के अनुयायियों द्वारा पूजन अर्चन किया जाता है । यह मेला भारत नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंध की एक अहम कड़ी भी मानी जाती है । प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद इस वर्ष से देवी पाटन में लगने वाले चैत्र तथा शरद नवरात्र को राजकीय मेला घोषित किया गया है । प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय मेला घोषित होने के बाद देवीपाटन में आगामी 6 अप्रैल से 5 मई तक पहली बार राज्य स्तर पर एक माह का मेला आयोजित होगा । 



इससे पहले भी चैत्र नवरात्र में 1 माह का मेला आयोजित होता था परंतु तब उसे राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त नहीं था । राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त होने के बाद निश्चित रूप से सुविधाओं तथा व्यवस्थाओं में इजाफा होना है ।
मेले की तैयारी को लेकर सोमवार को महंत देवीपाटन मिथिलेश नाथ योगी की मौजूदगी में जिला अधिकारी कृष्णा करुणेश तथा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई । 





बैठक में जिला अधिकारी ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को मेला के दौरान अबाध विद्युत सप्लाई उपलब्ध कराने का निर्देश दिया । जिला पंचायत राज अधिकारी को सुबह व शाम के अलग-अलग पारियों में 75 - 75 सफाई कर्मियों को सफाई हेतु लगाने का निर्देश दिया, साथ ही सुपर विजन के लिए भी अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया । मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्वास्थ्य व्यवस्था समुचित रूप से मुहैया कराने का निर्देश दिया गया ।



 लोक निर्माण विभाग के अधिशाशी अभियंता को सड़कों की रिपेयरिंग समुचित रूप से कराने का निर्देश दिया गया । अधिशासी अधिकारी नगर पालिका तुलसीपुर को मेले के दौरान पानी, साफ सफाई, चूना छिड़काव व अन्य संबंधित व्यवस्थाएं कराने का निर्देश दिया गया । उप संभागीय परिवहन अधिकारी को जिलाधिकारी ने अतिरिक्त बसों की व्यवस्था कराने के लिए निर्देशित किया ।



 उन्हें निर्देश दिया गया है कि परिवहन निगम की बसों की संख्या को भी बढ़वाएं तथा निजी बसों का भी संचालन अधिक से अधिक कराया जाए जिससे कि यात्रियों को आने जाने में समस्या उत्पन्न ना होने पाए । इसके अलावा अन्य संबंधित कई विभागों के अधिकारियों को व्यवस्था समुचित रुप से कराए जाने का निर्देश दिया । पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने मेला के दौरान समुचित सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है । बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा मेला से जुड़े तमाम कर्मचारी मौजूद थे ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे