अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए सैनिकों की शहादत को लेकर पूरे देश के साथ-साथ जनपद बलरामपुर में भी आक्रोष लगातार बढ़ रहा है । एक के बाद एक सामाजिक संगठन तथा राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा कहीं पर कैंडल मार्च निकाला जा रहा है तो कहीं पर शोक सभा आयोजित कर विरोध दर्ज कराया जा रहा है ।
सभी जगह पाकिस्तान विरोधी नारे लगाकर लोग अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं । आज जिला मुख्यालय के चंद्रशेखर आजाद पार्क में भारतीय जनता पार्टी के विधायक पलटू राम तथा कैलाश नाथ शुक्ला के नेतृत्व में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई । भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश सिंह सहित तमाम पदाधिकारियों ने अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुलवामा के आतंकी हमले में शहीद हुए सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की ।
सभा में पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे गूंजे तथा पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देते हुए आतंकियों का समूल विनाश करने की मांग उठाई गई । विधायक कैलाश नाथ तथा पलटू राम ने सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बदला लेने के लिए सेना को पूरी छूट दे दी है और हमारी सरकार इस हमले का गिन गिन कर हिसाब लेगी ।इसका खामियाजा अब आतंकी संगठनों तथा उसके आका पाकिस्तान को भुगतना पड़ेगा ।
पूरे देश की जनता तथा सभी राजनीतिक दल इस घटना के बाद काफी द्रवित हैं और सभी एकजुट होकर करारा जवाब देने के पक्षधर हैं । धरना मे श्रद्धांजलि देने वालों में प्रमुख रूप से विधायक सदर पलटू राम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश सिंह, उपाध्यक्ष अजय सिंह पिंकू, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह, हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत महेंद्र दास, वरुण सिंह मोनू, प्रवेश कुमार दुबे मोनू, कुसुम चौहान व वीरेंद्र तिवारी के अलावा सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग मौजूद थे ।
सभा के दौरान सभी ने एक स्वर में आतंकवादियों तथा उसके आका पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग उठाई । मौजूद लोगों का जज्बा देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि लोग सैनिकों की शहादत से काफी आहत हैं और पाकिस्तान के विरुद्ध लोगों के अंदर आक्रोश बढ़ता जा रहा है ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ