Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

प्रतापगढ:मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों का लिया जायजा








शिवेश शुक्ला 
प्रतापगढ | आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 की तैयारियों के दृष्टिगत एल वेंकटेश्वर लू मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ ने विकास भवन के सभागार में निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। 






प्रारम्भ में जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी का स्वागत करते हुये आगामी लोकसभा निर्वाचन की तैयारियों के विषय में विधिवत जानकारी दी और कहा कि सम्पूर्ण तैयारियॉ निर्वाचन में लगे प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों द्वारा पूर्ण कर ली गयी है और लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष, शुचिता एवं शान्तिपूर्वक सम्पन्न कराया जायेगा। 





मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक मे उपस्थित अधिकारियों एवं समाजसेवियों का आवाहन करते हुये कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिये सभी को अपने अपने स्तर से हर सम्भव प्रयास करना होगा। मतदाता जागरूक बनेगा तभी वो अपने मत देने के अधिकार का सही उपयोग कर पायेगा और तभी लोकतंत्र मजबूत होगा। उन्होने कहा कि हमारा भारत देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और इस लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आम जनता है जिसे हम मतदाता भी कहते है। ये मतदाता ही है जो लोकतंत्र का भविष्य तय करता है इसलिये देश का हर एक नागरिक जब मत देने के लिये जाता है तो उसे एक जागरूक मतदाता की तरह अपना वोट देना चाहिये।





 उन्होने कहा कि देश के नागरिक अपने मताधिकार का सही प्रयोग करें, जागरूक बने और ज्यादा से ज्यादा लोग मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करें ताकि कोई भी वोट के अधिकार से वंचित न हो। उन्होने कहा कि मतदाता सूची स्वस्थ हो स्वच्छ हो और 23 एवं 24 फरवरी को मतदाताओं हेतु लगाये जा रहे कैम्प में ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्तियों के नाम दर्ज किये जाये तथा जो अपात्र व्यक्ति है उनके नाम निरस्त किये जाये। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी बूथों पर आवश्यक पेयजल, शौचालय, विद्युत की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। ई0वी0एम0 का सम्यक प्रशिक्षण कर्मचारियों को दिया जाये, सभी मतदाता क्लब, चुनाव पाठशालाओं को सक्रिय किया जाये ताकि अधिकतम मतदाता अपने मत का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष प्रयोग कर सके।



 उन्होने कहा कि जो भी लोग मतदाताओं को डरा एवं धमकाकर वोट देने से वंचित करते है ऐसे लोगों को चिन्हित करके प्रशासन निरोधात्मक कार्यवाही भी सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि प्रजातंत्र की रीढ़ है चुनाव क्योंकि चुनाव द्वारा ही हम सरकार का गठन करते हैं और हमारे चुने हुये प्रतिनिधियों के आचरण तथा कार्यकलाप पर ही प्रजातंत्र की सफलता-असफलता निर्भर करती है। चुनाव निष्पक्ष होने चाहिये, मतदाताओं को अपना मत निर्भय होकर देने का अवसर मिलना चिहये और मतदाताओं में इतना विवेक होना चाहिये कि वे सुयोग्य व्यक्तियों को ही चुनें। 




उन्होने कहा कि प्रजातंत्र में सबसे बड़ा दान मतदान जिससे सारी व्यवस्था खड़ी है और इसको किसको देना है सबसे पात्र व्यक्ति को देना है और बिना कोई लोभ, लालच, पैसा, शराब और जाति-पाति इन सबसे ऊपर उठकर सबसे अच्छे व्यक्ति एवं सेवा भाव व्यक्ति को ढूढ़कर देना है। उन्होने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में हर एक मतदाता का मत अमूल्य है और अगर हम जागरूक होगें तो मत सही व्यक्ति को जायेगा और वही व्यक्ति देश का विकास कर सकता है अतः जागरूक और जिम्मेदार मतदाता बनें।



इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित स्वैच्छिग संगठनों, समाजसेवियों एवं अन्य लोगों से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कराने के लिये सुझाव भी मांगे जिनमें मंजीत सिंह छावड़ा, डा0 बृजभानु सिंह, शिवानी मातनहेलिया, दयाराम मौर्य, पूर्व विधायक हरि प्रताप सिंह, रोशन लाल ऊमरवैश्य, आनन्द मोहन ओझा सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये। अन्त में जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों एवं समाज सेवियों को मतदाता की शपथ भी दिलायी |





बैठक में पुलिस अधीक्षक एस आनन्द, मुख्य विकास अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शत्रुधन वैश्य, अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश मिश्रा एवं शिवाजी शुक्ल, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वी0आर0 अहिरवार, जिला विकास अधिकारी सुदामा प्रसाद, परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 दयाराम यादव, वरिष्ठ कोषाधिकारी दीपक बाबू सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा बैठक के उपरान्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय पर आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 हेतु स्थापित किये कन्ट्रोल रूम एवं एम0सी0एम0सी0 सेल का निरीक्षण भी किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे