अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के विधानसभा तुलसीपुर तथा गैसड़ी क्षेत्र में बनने वाली 7 सडकों तथा एक पुल का शिलान्यास आज लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सांसद दद्दन मिश्र ने रिमोट दबाकर किया ।
सांसद श्री मिश्र ने शिलान्यास के बाद कहा की आज ही केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने डिजिटल तरीके से लखनऊ में केंद्र सरकार द्वारा घोषित विभिन्न कार्यों का शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण रिमोट दबाकर किया है ।
उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तथा प्रदेश की योगी सरकार उत्तर प्रदेश के सभी सड़कों की मरम्मत व चौड़ीकरण तथा नई सड़कों के निर्माण का कार्य तेजी से कर रही है ।जनपद बलरामपुर अति पिछड़े जनपदों में से एक है इसीलिए इस जनपद को अति महत्वाकांक्षी जनपद के रूप में चिन्हित किया गया है । यह पहला मौका है जब कोई सरकार सड़कों के मरम्मत पर इतना ध्यान दे रही है । बलरामपुर के चहुंमुखी विकास के लिए सतत प्रयास जारी हैं ।
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली तथा पानी जैसे मूलभूत सुविधाओं को जन जन तक पहुंचाने के लिए कई योजनाएं बनाई जा चुकी हैं और उनका क्रियान्वयन भी शुरू हो चुका है । आने वाले कुछ ही समय में सब कुछ दिखाई भी देने लगेगा ।
उन्होंने कहा कि सड़क के साथ-साथ बहराइच से भिनगा श्रावस्ती बलरामपुर डुमरियागंज व खलीलाबाद को जोड़ने वाली रेलवे लाइन का भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है । श्रावस्ती जैसे पिछले जनपद में जहां आज तक एक भी मीटर रेलवे लाइन नहीं है वहां के लोगों को भी आने वाले कुछ समय मैं रेलवे से आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी । कार्यक्रम के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी कर्मचारी तथा तमाम जनप्रतिनिधि मौजूद थे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ