खुद को छला महसूस कर रहे हैं मोतीगंज के किसान
अजीजुद्दीन
मोतीगंज, गोंडा। किसान सम्मान निधि के नाम पर किसानों के खाते में आया धन सरकार वापस कर रही है। खाते से धन वापस होने से किसान अपने को ठगा महसूस कर रहे हैं।
सरकार किसानों की बदहाली को देखते हुए दो एकड़ से कम जमीन होने वाले किसानों को किसान सम्मान निधि द्वारा किसानों को प्रति वर्ष 6 हजार रूपये तीन किस्तों में देने की शुरूआत की है। प्रथम किस्त की धनराशि के तौर पर 24 फरवरी को सरकार द्वारा किसानों के खाते में 2-2 हजार रूपये भेजे गए, लेकिन अब चौंकाने वाली बात यह सामने आ रही है कि तमाम खातों से रूपये वापस ले लिए गये।
सर्व यूपी ग्रामीण बैंक मोतीगंज से संबंधित खातेदार तहसील मनकापुर क्षेत्र के विद्या नगर गांव निवासी रिंकू सिंह पुत्र गोपाल सिंह के खाते में 24 फरवरी को दो हजार रूपया आया था और उसी दिन वापस हो गया।
इसी तरह इसी बैंक के खातेदार तहसील गोंडा के कौरहे चपरतल्ला गांव निवासी मान बहादुर सिंह पुत्र मुन्ना सिंह के खाते में किसान सम्मान निधि की धनराशि 24 फरवरी को 2 हजार रूपये आयी और उसी दिन खाते से वापस हो गयी। लोगों का कहना है कि इसे किसानों का सम्मान कहा जाए या उनके साथ क्रूर मजाक.? इस संबंध में पीड़ित किसानों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व जिला अधिकारी के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ