चंद कदमों की दूरी पर स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की रखवाली कर रहे थे पुलिसकर्मी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पुलिस की मौजूदगी में बेखौफ चोरों ने मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक की दुकान के शटर का ताला तोड़कर उसमें रखे लैपटॉप के साथ ही करीब दो लाख रूपये के कीमती मोबाइल समेत अन्य सामानों पर हाथ साफ कर दिया। लाखों रूपये की इस चोरी की घटना ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़ा कर दिया है।
यह दुस्साहसिक घटना मोतीगंज थाना क्षेत्र में बीती रात बेखौफ चोरों द्वारा अंजाम दी गई। मोतीगंज कस्बे में स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक के सामने नहर के किनारे उक्त थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव निवासी आलोक सिंह की मोबाइल एवं इलेक्ट्रिक की दुकान है।
बीती 11/12 मार्च की रात में चोर पहले तो उक्त दुकान में सेंध काटने का प्रयास किए, लेकिन उसमें सफल न होने पर बेखौफ चोर दुकान के शटर का ताला तोड़ने में कामयाब रहे।
बताया जाता है कि चोरों ने ताला तोड़ने के बाद शटर ऊपर करके दुकान के अंदर घुस गए और इत्मिनान से उसमें रखा लैपटॉप, 28 अदद मोबाइल के साथ ही चिप, चार्जर, इमरजेंसी लाइट तथा अन्य इलेक्ट्रिक के सामानों को समेटकर फरार हो गए। सुबह जब वहां से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी तो इसकी सूचना दुकानदार को दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और दुकान में रखे कीमती सामानों को गायब देखकर उसके होश उड़ गए।
घटना की सूचना पीड़ित द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना के घंटों बाद हल्का के दरोगा सत्येंद्र वर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। चौंकाने वाली बात तो यह है कि जिस समय बेलगाम चोर इस वारदात को अंजाम दे रहे थे, उस समय दुकान के सामने चंद कदमों की दूरी पर स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक की थाने के पुलिसकर्मी 'रखवाली' कर रहे थे।
मोतीगंज पुलिस की मौजूदगी में हुई चोरी की इस घटना से खाकी की सक्रियता और कानून व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। ग्रामीणों का कहना है कि जब पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षा की चोरी की घटनाएं अंजाम दी जा रही हैं, तो ऐसे में सुरक्षा तो भगवान भरोसे ही है ! दूसरी तरफ पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है।
पुलिस की मौजूदगी में चोरी की घटना की बात पर वह बगलें झांकने लगती है। बताते चलें कि पहले भी इस तरह की वारदातें अंजाम दी जा चुकी हैं, जिनका मुकदमा लिखना तो दूर पुलिस ने तहरीर तक नहीं लिया था। बहरहाल, चोरी की इस घटना में पीड़ित ने थाने में अज्ञात चोरों के विरूद्ध तहरीर दी है।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ