व्यय की मानीटरिंग के लिए आयोग के निर्देश पर टीमों का गठन कर लगाई गई ड्यूटी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। आसन्न लोभ सभा निर्वाचन 2019 के दौरान राजनैतिक दलों व प्रत्याशियों के व्यय की मानीटरिंग के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर गठित विभिन्न सर्विलांस टीमों के प्रभारियों को जिला पंचायत हाल में प्रशिक्षण दिया गया। उपजिला निर्वाचन अधिकारी रत्नाकर मिश्र ने व्यय मानीटरिंग के विभिन्न नोडल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी दशा में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जाना है।
मास्टर ट्रेनर प्रभारी सहायक कोषाधिकारी नज्मी कमाल खान ने व्यय अनुवीक्षण की विभिन्न टीमों के बारे में विस्तार से बताया कि किस टीम को व्यय के बारे में कैसे निगरानी करनी है तथा उसकी रिपोर्टिंग आयोग व व्यय प्रेक्षक को देनी है। उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशन में स्टेटिक सर्विलान्स टीम, वीडियो निगरानी टीम, सचल दल, सहायक व्यय प्रेक्षक, लेखा टीम, शिकायत अनुवीक्षण एवं नियंत्रण टीम तथा मीडिया मानीटरिंग एवं प्रमाणीकरण के लिए गठित एमसीएमसी समिति का गठन कर नोडल अधिकरियों व टीमों की ड्यूटी लगाते हुए जवाबदेही तय कर दी गई है तथा टीमवार अलग-अलग मानीटरिंग के लिए जनपद स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाकर निर्वाचन सम्बन्धी सभी अधिकारियों तथा टीम के लोगों को जोड़ा गया है जिसकी मानीटरिंग स्वयं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी।
मास्टर ट्रेनर ने बताया कि स्टेटिक टीम चेक पोस्ट पर चेकिंग करेगी, सचल दल क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर संदिग्ध वाहनों तथा व्यक्तियों की चेकिंग करेंगे। इसी प्रकार वीडियो निगरानी टीम द्वारा पार्टियों अथवा प्रत्याशियों के कार्यक्रम स्थल, व्यवस्था व अन्य चीजों की पूरी वीडियोग्राफी करेगी। वीडियो टीम द्वारा एंकर की तरह कार्यक्रम स्थल पर बोलते हुए वीडियोग्राफी करनी होगी तथा उसकी सीडी निर्वाचन कार्यालय में देनी होगी।
लेखा टीम द्वारा प्रत्याशियों का पूरा व्यय का ब्यौरा रखा जाएगा। किसी भी व्यक्ति के पास अथवा वाहन से यदि पचास हजार रूपए से अधिक की राशि पाई जाएगी और सम्बन्धित व्यक्ति उसे वैध सिद्ध नहीं कर पाएगा तो उसकी वह राशि जब्त कर कोषागार के डबल लाॅक में जमा करा दी जाएगी।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विभिन्न टीमों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी अलग अलग प्रारूपों पर सूचनाएं देनी होेंगी।
प्रशिक्षण में एसडीएम सदर डॉ. नितिन गौर, एसडीएम तरबगंज सौरभ भट्ट, एसडीएम करनैलगंज आरके वर्मा, अपर उपजिलाधिकारी गुलाम सरवर, पीडी सेवाराम चौधरी, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसके सहाय व इम्तियाज तथा टीमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ