अखिलेश्वर तिवारी/राजेश दूबे
रेहरा बाजार, बलरामपुर ।। विश्व क्षय रोग निवारण दिवस पर क्षेत्र भर में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को टी वी की बीमारी से बचने व रोग से पीड़ित लोगों के इलाज की जानकारी दी गई ।
सीएचसी की चिकित्साधिकारी डा. एससी भारती ने जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पुराने समय में जहां यह बीमारी लाईलाज मानी जाती थी वहीं अब इसका सस्ता इलाज उपलब्ध हो गया है। सीएचसी पर डाट्स योजना के तहत टीबी से पीड़ित मरीजों की न केवल जांच व इलाज मुफ्त की जाती है बल्कि उन्हें प्रतिमाह पांच सौ रुपये पौष्टिक खाद्य पदार्थ के लिए प्रदान किए जाते हैं।
साजिदा अस्पताल के परिसर में रीच संस्था के जागरूकता कार्यक्रम में अपने संबोधन में डा. एहसान खां ने कहा कि दो सप्ताह से ज्यादा समय से खांसी बने रहने पर पीड़ित को जांच कराना जरूरी है। भूख न लगना, लगातार वजन कम होना, कमजोरी या थकान लगातार बना रहना टीबी का लक्षण हो सकता है। डा. अताउल्लाह खां ने बताया कि टीबी के प्रारंभिक चरण में सिर्फ छह माह की नियमित दवा खिलाने से रोग अच्छा हो जाता है।
क्षय रोग छिपाने के बजाय समय पर इलाज कराने से व्यक्ति स्वस्थ व दीर्घायु रह सकता है। लोगों को स्टिकर लगा कर रोग से बचाव का संकल्प दिलाया गया। इटई रामपुर के कचला गांव में भी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शहजाद, नौशाद, डा. शरफुद्दीन, विकास, मुहम्मद अहमद, नौशाद इदरीसी, आमिर सुहेल, राकेश कुमार, कलीमुल्लाह,नियामत, शांती लाल यादव, अफरोज चौधरी, बिलाल समेत सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ