ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। धानेपुर पुलिस ने सोमवार को क्षेत्र के सीरपुरवा में चल रही असलहा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की छापेमारी में एक तमंचा व एक अर्धनिर्मित रायफल समेत भारी मात्रा में अर्धनिर्मित असलहे और कारतूस बरामद हुए हैं।
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया है, जिनके विरूद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
धानेपुर थानाध्यक्ष अतुल चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्र के दत्तनगर के ग्राम सीरपुरवा में अवैध रूप से असलहा बनाने व बेचे जाने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इस सूचना पर रविवार की रात सीरपुरवा गांव के रहने वाले राजेश्वरी पांडेय के घर पर छापा मारा गया। उन्होंने बताया कि छापेमारी में एक तमंचा, एक अर्धनिर्मित राइफल, सात नाल 12 बोर, चार नाल 315 बोर, पांच नाल 32 बोर, जीवित कारतूस 12 बोर तथा एक 32 बोर का जिन्दा कारतूस व कारतूस के आठ खोखे बरामद किए गए। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की भनक पाकर राजेश्वरी भाग निकला, जबकि मौके पर मौजूद दो लोगों को दबोच लिया गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने अपना नाम दिनेश तिवारी निवासी खमौली थाना धानेपुर व मायाराम निवासी आनन्दनगर थाना धानेपुर बताया। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि फरार राजेश्वरी की तलाश की जा रही है।
छापेमारी टीम में उपनिरीक्षक शादाब आलम, अशीष कुमार, सुदामा लाल, हेड कांस्टेबल विनोद पाण्डेय, राजेन्द्र यादव, अभिमन्यू गुप्ता, आनन्द उपाध्याय, प्रवीण कुमार पाण्डेय व महिला कांस्टेबल नन्दनी पाण्डेय शामिल रहीं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ