Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

जहरखुरान गिरोह का सुरक्षित ठिकाना है करनैलगंज का बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन








55 वर्षीय व्यक्ति हुआ जहरखुरानी का शिकार, पुलिस बनी लाचार
ए. आर. उस्मानी/ मो.इरफान
करनैलगंज, गोण्डा। करनैलगंज बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन जहर खुरानी का अड्डा बनता जा रहा है। जहर खुरान स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन चुके हैं। बुधवार को एक करीब 55 वर्षीय व्यक्ति जहरखुरानी का शिकार होकर एक गांव के मुख्य मार्ग पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसे डायल हंड्रेड के पुलिस कर्मियों ने करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। करीब एक सप्ताह पूर्व करनैलगंज के प्रतिष्ठित व्यापारी भी जहरखुरानी का शिकार हो चुके हैं, जो अचेत अवस्था में बाराबंकी जिले के रामनगर बाजार में पड़े मिले।
     




बुधवार को थाना कटरा बाजार क्षेत्र के उर्दीगोंडा निवासी बराती (55 वर्ष) पुत्र हसीन मोहम्मद अपने बच्चों को दिल्ली छोड़ने के लिए गए थे। वहां से वापस आ रहे थे। बताया जाता है कि करनैलगंज रेलवे स्टेशन पर सुबह ट्रेन से उतरे, तब तक परिवारी जनों से उनकी फोन पर वार्ता होती रही। उसके बाद वे दोपहर में कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के कुर्था ग्राम पंचायत के मजरा पक्के कुआं के पास मार्ग पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डायल हंड्रेड की पीआरबी 0857 को दी। इस पर डायल 100 के सिपाही राम बिहारी मिश्रा एवं चालक कांस्टेबल पवन कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर उसे अचेत अवस्था में डायल हंड्रेड की गाड़ी पर लादकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसे शाम तक होश नहीं आया। सूचना मिलने के बाद मौके पर कोतवाल आरके सिंह, चौकी प्रभारी केके सिंह ने पहुंच कर पीड़ित को जिला अस्पताल भेजवाया।
   



बताते चलें कि एक सप्ताह पूर्व करनैलगंज के प्रतिष्ठित व्यापारी किशन सिंह छाबड़ा (70 वर्ष) करनैलगंज से लखनऊ जा रहे थे। उनके पास नगदी के साथ ही सोने की अंगूठी, मोबाइल एवं अन्य कीमती सामान भी थे। वे बाराबंकी जिले के रामनगर बाजार में अचेत अवस्था में दूसरे दिन मिले। उसके बाद परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अभी भी उनका इलाज चल रहा है। दोनों पीड़ितों का सारा सामान गायब मिला।
    



करनैलगंज बस स्टॉप और रेलवे स्टेशन के आस पास आए दिन ऐसी घटनाएं देखने को मिलती हैं, जहां अचेत अवस्था में बस चालकों द्वारा यात्रियों को धकेल दिया जाता है और होश आने पर मालूम होता है कि यह जहरखुरानी का शिकार हुए हैं। डॉ. सुरेश चन्द्रा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का कहना है कि आए दिन पब्लिक या पुलिस के लोग जहरखुरान के शिकार लोगों को लेकर आते हैं, जिनका इलाज करने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली करनैलगंज राजेश कुमार सिंह बताते हैं कि जहर खुरानों की पहचान कराई जा रही है। शीघ्र ही उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे