अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन कोई कोर कसर नहीं रखना चाह रहा है । सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण किसी भी अनैतिक गतिविधि से निपटने की तैयारी जिले की पुलिस पूरी तरह कर लेना चाहती है ।
यही कारण है कि पुलिस सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल के साथ मिलकर लगातार रूट मार्च तथा चेकिंग अभियान चलाकर यह संदेश देने का प्रयास कर रही है कि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि करने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटा जाएगा ।
साथ ही यह भी संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि शत प्रतिशत मतदान अवश्य करें । इसके लिए मतदाता जागरूकता अभियान भी बराबर चलाया जा रहा है । आज थाना तुलसीपुर में क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर के नेतृत्व में सशस्त्र सीमा बल तथा पुलिस के संयुक्त बल द्वारा आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में निष्पक्ष एवं पारदर्शितापूर्ण चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराए जाने हेतु रूट मार्च किया गया ।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निष्पक्ष मतदान कराने के आदेश के क्रम में पुलिस विभाग निरंतर सतर्कता बरत रही है । रूट मार्च के क्रम में जनता से भय मुक्त होकर निर्वाचन में भाग लेने की अपील की गई । पुलिस ने लोगों को यह संदेश दिया कि बिना डरे मतदान करें । चेतावनी भी दिया गया कि यदि चुनाव में कोई आपसी सौहार्द को खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ