अखिलेश्वर तिवारी
भारत नेपाल की खुली सीमा तथा चुनावी वर्ष के कारण रहेगी विशेष सतर्कता
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के सीमावर्ती क्षेत्र तुलसीपुर में स्थित 51 शक्तिपीठों में से एक आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवी मंदिर पर एक माह तक चलने वाला मेला आज से प्रारंभ हो चुका है । चैत्र नवरात्र के पहले दिन ही आज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे ।
गोरखपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक दावा शेरपा ने देवीपाटन पहुंचकर मंदिर परिसर तथा मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया । जिले के पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मिश्रा तथा तमाम पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके पूरी स्थिति का जायजा लेने के बाद आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए ।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने बताया कि भारत नेपाल की सीमा पर स्थित देवीपाटन मंदिर काफी संवेदनशील है । चुनावी वर्ष होने के कारण भी मेले की व्यवस्था काफी संवेदनशील मानी जा रही है । सभी परिस्थितियों को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया गया है । उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के आने तथा सकुशल दर्शन करके वापस घर पहुंच जाने तक की व्यवस्था पुलिस प्रशासन की बनती है ।
इसलिए ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि कहीं भी किसी को कोई परेशानी का सामना ना करना पड़े । उन्होंने मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी से भी मुलाकात की और उनसे भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की । श्री शेरपा ने लोगों से अपील की थी कि शांति बनाए रखते हुए मां पाटेश्वरी देवी का दर्शन कर लाभ उठाएं । उन्होंने अराजक तत्वों को कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी कि किसी व्यक्ति को भी माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी ऐसा करने वालों के साथ कड़ाई से निपटा जाएगा ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ