आलोक बर्नवाल
संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हरिहरपुर मे रेडीमेड कपड़े के व्यापारी युवक का शव शनिवार को तालाब मे तैरता मिला। चार दिनों से व्यवसाई लापता चल रहा था। नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित तालाब मे शव तैरता देख लोगों ने इसकी सूचना हरिहरपुर चौकी और महुली पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पड़रहा के मूल निवासी 22 वर्षीय रमेश गुप्ता पुत्र स्व. कालीचरण अपनी मां झिनका देवी के साथ नगर पंचायत हरिहरपुर के मुहल्ला गांधीनगर मे रहकर रेडीमेड कपड़े का व्यापार करता था। परिजनों के अनुसार बीते 2/3 अप्रैल की रात लगभग दो बजे मृतक रमेश अचानक अपने कमरे से गायब हो गया। घर मे बेटे को न पाकर मां झिनका देवी उसकी तलाश करने लगी। दोपहर तक जब उसका कोई पता नही चला तो मृतक के चचेरे भाई राजू लाल पुत्र स्व शिवनाथ ने महुली थाने मे गुमशुदगी दर्ज कराया।
शनिवार की सुबह नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित तालाब पर जब लोग टहलने पहुंचे तो तालाब मे शव तैरता देखा। मौके पर महुली थाना पर एसओ शैलेन्द्र राय और हरिहरपुर चौकी प्रभारी श्रवण यादव भी मय फोर्स मौके पहुंच गये। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया तो परिजनों ने शव का शिनाख्त किया। इस बाबत एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच मे जुटी हुई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ