अखिलेश्वर तिवारी/वेद मिश्रा
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के कोतवाली नगर पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब उसने पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की ।गिरफ्तार बदमाश चोरी के मामले में वांछित था और वह 2013 से फरार चल रहा था ।
जानकारी के अनुसार आसन्न लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिले की पुलिस वृहद स्तर पर वारंटीयों तथा वांछित अपराधियों के विरुद्ध अभियान चला रही है । इसी अभियान के तहत शनिवार की रात पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को कोतवाली नगर की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मिश्रा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त किशोरी पथर कट थाना कोतवाली देहात के रतोहा गांव का निवासी है और इसके विरुद्ध कोतवाली नगर के अलावा कोतवाली देहात तथा तुलसीपुर थाने में भी गंभीर धाराओं के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत हैं । वर्ष 2013 में अभियुक्त किशोरी के कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम महेशभारी में एक चोरी की घटना में शामिल होने की बात सामने आई थी । इस चोरी में शामिल कुछ अभियुक्तों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था ।
उन्हीं अभियुक्तों के शिनाख्त पर किशोरी पत्थर कट की तलाश नगर पुलिस कर रही थी ।पिछले 6 वर्षों से किशोरी पुलिस को चकमा देकर फरार रहने में सफल रहा था जिसे अंततः 6 अप्रैल की रात कोतवाली नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार अभियुक्त किशोरी के पास से एक 315 बोर का तमंचा एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामाश्रय राय, उपनिरीक्षक विपुल कुमार पांडे, शान मोहम्मद खान, आरक्षी राधेश्याम यादव, रमेश यादव व रिक्रूट आरक्षी योगेंद्र यादव तथा सत्य प्रकाश यादव शामिल थे ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ