अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। एक सार्थक कल की शुरूआत के लिए परिवार नियोजन महत्वपूर्ण कड़ी है। कोई भी दम्पत्ति परिवार नियोजन के साधनों को अपनाकर परिवार की बेहतर प्लानिंग कर सकता है। परिवार में बच्चों का जन्म लेना, चांस से नहीं बल्कि च्वाइस से हो इसीलिए स्वास्थ्य विभाग समय समय पर लोगों को जागरूक करने के साथ साथ स्वास्थ्य केन्द्रों पर परिवार कल्याण नियत सेवा दिवस का आयोजन करता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. घनश्याम सिंह ने सोमवार को बताया कि परिवार नियोजन कार्यक्रम के अन्र्तगत मार्च माह में संयुक्त जिला चिकित्सालय सहित 10 स्वास्थ्य केन्द्रों पर 10 परिवार कल्याण नियत सेवा दिवसों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें महिला पुरूष नसबंदी करने के साथ साथ निरोध, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली आदि का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
माह भर आयोजित होने वाले सेवा दिवसों में नसबंदी के लिए डा. अरूण कुमार, डा. पी.के. मिश्रा, डा. आर.पी. मिश्रा, डा. आर.के. सिंह और सहायक स्टाफ विमला, लीलावती, विजयपाल, सरिता, सावित्री व सुमन की तैनाती अलग अलग स्वास्थ्य केन्द्रों पर की गई है। सीएमओ ने बताया कि सेवा दिवस का आयोजन 8 अपैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गैसड़ी, 11 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुलसीपुर, 12 अप्रैल को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बलरामपुर, 15 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुरा, 16 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पचपेड़वा, 18 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उतरौला, 20 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र श्रीदत्तगंज, 23 अप्रैल को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गैण्डास बुजुर्ग और 26 अप्रैल को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रेहरा बाजार में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जिला महिला चिकित्सालय में प्रत्येक दिन महिला नसबंदी की सेवा उपलब्ध रहेगी जबकि 22 अप्रैल को संयुक्त जिला चिकित्सालय में पुरूष नसबंदी सेवा का विशेष शिविर लगाया जाएगा। कोई भी दम्पत्ति, महिला या पुरूष सेवा दिवस में पहुंचकर लाभ ले सकते हैं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ