Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

पीर रतन नाथ की यात्रा पहुंची देवीपाटन रास्ते में किया गया भव्य स्वागत







अखिलेश्वर तिवारी/वेद मिश्र
तुलसीपुर बलरामपुर ।।  भारत नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित तुलसीपुर तहसील मुख्यालय के देवीपाटन शक्ति पीठ पर आज नेपाल से चल कर पीर रतन नाथ की शोभायात्रा देवीपाटन पहुंची । देवीपाटन पहुंचने से पहले जगह जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया ।


 तुलसीपुर नगर भ्रमण करते हुए यात्रा का समापन शक्तिपीठ देवीपाटन परिसर में किया गया । चैत्र शुक्ल पक्ष के नवरात्र में पंचमी के दिन पीर रतन नाथ की यात्रा नेपाल से देवीपाटन आती है और पंचमी से नवमी तक का पूजन कार्य इन्हीं के द्वारा किया जाता है ।

                      
जानकारी के अनुसार शक्ति पीठ में एक शक्तिपीठ देवीपाटन लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र होने के साथ-साथ भारत नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों में के लिए एक अहम कड़ी है ।देवीपाटन का नाता नेपाल के दांग जिले में स्थित चौघडा नामक स्थान से विशेष रूप से जुड़ा हुआ है । यही के राजकुमार रतन नाथ माता पाटेश्वरी के अनन्य भक्त थे और मान्यता है कि उन्हें पाटेश्वरी मां ने वरदान दिया था ।देवीपाटन नाम से दांग चौघडा में भी आश्रम निर्मित किया गया है । 


कई सौ बरसों से नेपाल से पीर रतन नाथ की यात्रा लगातार देवीपाटन आती है और उन्हीं के अनुयाई पंचमी से नवमी तक देवी पाटन के गर्भ गृह में पूजन अर्चन का कार्य करते हैं । माना जा रहा है कि भारत नेपाल के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों में यह एक अहम कड़ी के रूप में साबित हो रही है । देवी पाटन में देश के विभिन्न जनपदों के लोग पहुंचते हैं इसके अलावा नेपाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नवरात्र में दर्शन के लिए आते हैं ।


प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद उन्होंने कुछ महीने पहले देवीपाटन पर लगने वाले मेले को राजकीय मेले का दर्जा प्रदान किया है जिसके बाद पहला नवरात्र मेला है ।राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त होने के कारण अब धीरे-धीरे यहां की सुविधाएं भी बढ़ने लगी है और श्रद्धालुओं की तमाम समस्याओं का निराकरण भी होने लगा है । मेला प्रबंधन का दावा है कि दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी ना हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है ।



 क्षेत्रीय विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने राजकीय मेला घोषित होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देते हुए कहा है की देवी पाटन का ऐतिहासिक मेला सदियों से होता आ रहा है और अब इसे राजकीय मेला का दर्जा देकर मुख्यमंत्री ने सराहनीय कार्य किया है । राजकीय मेला घोषित होने के कारण अब यहां पर तमाम सुविधाएं यहां उपलब्ध हो जाएंगी जिससे आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा ।


 विधायक सदर पलटू राम ने मेला परिसर का निरीक्षण करने के बाद बताया कि राजकीय मेला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा घोषित किया गया है और इसी कारण से अब सुविधाओं में लगातार इजाफा हो रहा है । संबंधित अधिकारी सुविधाओं को लेकर सजग दिखाई दे रहे हैं । निश्चित रूप से आने वाले समय में बहुत सारी सुविधाएं जो अभी नहीं है उन्हें पूरा कर लिया जाएगा ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे