शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ | जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मार्कण्डेय शाही की अध्यक्षता में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 को निष्पक्ष, सकुशल, स्वतंत्र एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने€ हेतु क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी के सभागार में 31 जोनल एवं 181 सेक्टर मजिस्ट्रेट को प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण दो पालियों में सम्पन्न हुआ जिसमें प्रथम पाली में 17 जोनल एवं 106 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं द्वितीय पाली में 14 जोनल एवं 75 सेक्टर मजिस्ट्रेट सम्मिलित हुये।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि मतदान के दिन व मतदान के पूर्व सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट को मतदान प्रक्रिया सकुशल सम्पन्न कराने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। निर्वाचन प्रक्रिया के दिन सेक्टर मजिस्ट्रेट को मजिस्ट्रेट का अधिकार प्राप्त होता है। निर्वाचन के दिन सेक्टर आफिसर के साथ मास्टर ट्रेनर भी भ्रमणशील रहेगें और यदि ईवीएम या वीवीपैट आदि के संचालन प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत आती है तो वह उसका निराकरण भी करेगें।
उन्होने कहा कि जनपद में दो चरणों में चुनाव सम्पन्न होना है, जनपद में चुनाव के समय पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल व सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेगें और हर थाना क्षेत्र में जोनल आफिसर के साथ-साथ उपजिलाधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी भी अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर शान्तिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से मतदान प्रक्रिया को सम्पन्न करायेगें। पोलिंग बूथों पर हर प्रकार की सुविधायें मुहैया करायी जा रही है कि लोग मतदान करने हेतु मतदान केन्द्र पर जाये तो वहां पर एक उत्सव जैसा माहौल दिखायी पड़े।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट को बताया कि वह पीठासीन अधिकारी की डायरी का समय-समय पर निरीक्षण करते रहेंगें और प्रत्येक दो घंटे पर टोटल मतदान की बटन दबाकर मतदाता रजिस्टर में नोट करेगें और मतदान प्रतिशत के सम्बन्ध में जानकारी अपने ऊपर के अधिकारियों को अवगत करायेगें।
उन्होने कहा कि मतदान केन्द्रों पर पोलिंग एजेन्ट जो बनाये जायेगें उनकी फोटो और उनके विवरण की जानकारी भी अपने पास रखेगें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी धीरेन्द्र प्रताप सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शत्रोहन वैश्य, जिला विद्यालय निरीक्षक एस0पी0 यादव, क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीम कोठी के प्राचार्य, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, मो0 अनीस सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ