पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देकर की न्याय की फरियाद
सुलह समझौते कराने में जुटी करनैलगंज पुलिस
मोहम्मद इरफान
करनैलगंज, गोंडा। करनैलगंज कोतवाली अंतर्गत ग्राम बरबटपुर निवासी मनौरा खातून ने कोतवाली में तहरीर दिया है जिसमें कहा गया है कि उसका मायका मुंबई में है। करीब 12 वर्ष पूर्व ग्राम बरबट निवासी अकबर अली के साथ उसका निकाह हुआ था। वह अपने पति के साथ बरबट पुर आई और पत्नी धर्म का निर्वाह करने लगी।
उसके दो बच्चे हैं अलीसा 10 व उमर अली 8 वर्ष। सब कुछ सही था। आरोप है कि उसके पति सऊदी का दो सफर कर चुके थे। तीसरी बार जाने के बाद वह अपने मायके मुम्बई चली गई। सऊदी से आने के बाद उन्होंने अपनी दूसरी शादी कर ली और उसके साथ रहने लगे। उसे जीवन यापन के लिये खर्च की धनराशि भी देना बंद कर दिये। आर्थिक तंगी की वजह से वह अपने बच्चों के साथ बरबटपुर अपने घर आई तो उसे मारपीट कर प्रताड़ित किया जाने लगा। रविवार को उसके पति ने परिवार के अन्य सदस्यों की मदद से उसे मारपीट कर बच्चों के साथ घर से भगा दिया। करनैलगंज नगर आकर उसने एक व्यक्ति के यहां शरण लेकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है, मनौरा की तहरीर पर अकबर अली को कोतवाली लाया गया और समझा बुझा कर दोनों का सुलह समझौता कराने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल वह अपनी पत्नी को अपने साथ ले जाने के लिये राजी हो गया है। उन्होंने बताया कि मामला पति पत्नी का है इस लिये अभी कोई दंडात्मक कार्रवाई नही की गई है। महिला व बच्चों के साथ नाइंसाफी नही होने दिया जाएगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ