Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

मायावती का बृजभूषण शरण सिंह पर सीधा हमला, बोलीं : राजा कुण्डा से लें सबक





कैसरगंज के कटरा बाजार में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं बसपा सुप्रीमो
 गोण्डा से सपा प्रत्याशी पंडित सिंह के लिए भी माया ने की वोट की अपील
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुरूवार को कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैसरगंज सीट से भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह पर सीधा हमला बोला। करनैलगंज स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय पर हुए तोड़फोड़ से नाराज मायावती ने कहा कि भाजपा का प्रत्याशी आपराधिक छवि का माफिया, गुंडा व आतंकवादी है और इस तरह के गुंडों से कैसे निपटना है, यह मायावती को अच्छी तरह से आता है। मायावती ने कुंडा के रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया के खिलाफ की गई कार्रवाई की याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी को इस कार्रवाई से सबक लेना चाहिए।
    

सुश्री मायावती ने कहा कि आंतकियों की लड़ाई का दावा करने वाली भाजपा में ही आतंकवादी भरे पड़े हैं। बसपा सुप्रीमो ने भारतीय जनता पार्टी को अपने घर के भीतर के आतंकवाद को समाप्त करने की नसीहत भी दी। कैसरगंज लोकसभा सीट गठबंधन में बसपा के खाते में गई है। बसपा ने यहां से आजमगढ़ जिले के रहने वाले पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव करैली को चुनाव मैदान में उतारा है। गुरूवार को बसपा सुप्रीमो मायावती चंद्रदेवराम यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करने कटरा बाजार पहुंचीं। मायावती ने अपने संबोधन में सीधे भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह को निशाने पर लिया। 



मायावती ने कहा कि बसपा ने पहले स्थानीय कार्यकर्ता को टिकट दिया था, लेकिन बीजेपी के माफिया व आपराधिक छवि के प्रत्याशी ने डरा धमकाकर उसे बैठा दिया। इसके बाद उन्होंने आजमगढ़ के चंद्रदेव राम यादव को मैदान में उतारा है। मायावती के संबोधन में करीब पांच मिनट भाजपा प्रत्याशी सीधे निशाने पर रहे। मायावती ने कहा कि भाजपा का प्रत्याशी लोगों को डरा धमकाकर उनका उत्पीड़न करता है। उसके आतंक के आगे कोई मुंह नहीं खोलता। हाल ही में उसने बसपा के चुनाव कार्यालय पर हमला भी कराया है। मायावती ने भाजपा नेता को चेतावनी देते हुए कहा कि गुंडागर्दी बंद कर दें, वरना मायावती को गुंडों और माफियाओं से निपटना अच्छी तरह से आता है। 


मायावती ने कुंडा के राजा रघुराज प्रताप सिंह का नाम लेते हुए कहा कि राजा भइया के खिलाफ की गई कार्रवाई से यहां के माफिया को सबक लेना चाहिए। मायावती ने कहा कि गुंडागर्दी करने वाले माफिया को हरहाल में हराकर इस आतंक को खत्म करना है। बसपा सुप्रीमो ने कहाकि भाजपा आंतकियों के लड़ने का दावा करती है लेकिन उसके घर में ही आतंकवादी भरे पड़े हैं। इसलिए बीजेपी पहले अपने अंदर के आतंक को खत्म करे। मायावती ने कैसरगंज प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव व गोंडा सीट के प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह के लिए भी वोट मांगा।
      

जनसभा में विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह, सपा के पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पयागपुर के पूर्व विधायक मुकेश श्रीवास्तव, कैसरगंज के पूर्व विधायक रामतेज यादव, बसपा के पूर्व विधायक रमेश गौतम, निसार अहमद, शमीम अच्छन, सूफियान खां, फहीम अहमद, तिलकराम गौतम, सुरेंद्र मोहन मिश्रा, सगीर खां सहित अन्य नेतागण मौजूद रहे।



नमो नमो की छुट्टी होने वाली है

कैसरगंज लोकसभा सीट के सपा बसपा महागठबंधन के प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचीं बसपा सुप्रीमो मायावती ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। मायावती ने कहा कि बाबा साहेब ने संविधान में कमजोर तबके के लोगों को जो अधिकार दिया था उसका लाभ उन्हें नहीं मिला। भाजपा ने अच्छे दिन दिखाने के वादे का एक चौथाई काम भी पूरा नहीं किया। पूंजीपतियों को मालामाल बनाना व उन्हें बचाने मे पूरी ताकत लगी दी। 



छुट्टा मवेशियों ने किसानों को बर्बाद कर दिया। पिछड़ों, दलितों व मुस्लिमों का कोई विकास नहीं हुआ। किसान व मेहनतकश परेशान है। भाजपा ने नोटबंदी व जीएसटी को जल्दबाजी में लागू किया। व्यापारी व मध्यम वर्ग दुखी है। भ्रष्टाचार भी बढ़ा है। भ्रष्टाचार से रक्षा सौदा भी अछूता नहीं रह गया है। देश की सीमा सुरक्षित नहीं है। आए दिन आतंकी हमले होते रहते हैं। मसूद अजहर के मामले में पिछले पांच साल तक मोदी खामोश बने रहे। अब चुनाव के समय में दादागिरी और बहादुरी दिखाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि असली समस्याओं से देश के लोगों का ध्यान बांटा जा सके। भाजपा अब मसूद अजहर के नाम पर वोट बटोरने की कोशिश कर रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे