ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। बच्चों के विवाद को लेकर सप्ताह भर पूर्व लाठी डंडे से हमला कर एक महिला सहित तीन लोगों को घायल कर दिया गया था जिसमें इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गयी। पुलिस ने मृतक के मांं की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध प्रथमिकी दर्ज की है।
मामला खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रनियापुर के मजरा मननगरा का है। यहां के निवासी तेजू चौहान पुत्र स्व. सुखदेव व ननकऊ पुत्र कोयले चौहान के बच्चों के बीच विवाद हो गया था। उसी विवाद को लेकर रविवार को ननकऊ, बुद्धू, पुन्नू, छोटकऊ पुत्रगण कोयले चौहान ने एक राय होकर तेजू व उसकी मां रीना देवी पर लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिया था।
इसमें तेजू (28 वर्ष), रीना देवी (55 वर्ष) व बीच बचाव कराने आये पहलवान (50 वर्ष) पुत्र दुलारे चौहान को चोटें आई थीं। परिजन घायलों को स्थानीय सीएचसी ले गए, जहां पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद तेजू की हालत गम्भीर होने पर जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया था। ईलाज के दौरान वहां उसकी मौत हो गयी थी।
मृतक की मां रीना देवी ने बताया कि उक्त आरोपी मेरे बेटे को पहले भी कई बार जान से मारने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन वह किसी तरह बच जाता था। पांच मई को इन लोगों ने हमलाकर मेरे नौजवान बेटे को जान से मार दिया। पुलिस ने मृतक की मां की तहरीर पर ननकऊ, बुद्धू, पुन्नू व छोटकऊ पुत्रगण कोयले चौहान के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
खरगूपुर थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार तिवारी ने बताया कि उक्त चारों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ