Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

जमुनियाबाग काण्ड : सांप्रदायिक रंग देने वालों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई : एसपी

 



सोशल मीडिया पर घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे लोगों को पुलिस अधीक्षक ने चेताया
आरोपियों के विरूद्ध जानलेवा हमला तथा 7 लॉ एमेंडमेंट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। कोतवाली देहात क्षेत्र के जमुनियाबाग में मंगलवार की रात एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाये जाने के मामले को तूल देने वाले लोगों को पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। एसपी ने बयान जारी कर कहा है कि कुछ लोग घटना को सांप्रदायिकता का रंग देने की कोशिश कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहे हैं। जबकि घटना में शामिल चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और जमुनियाबाग में स्थिति पूरी तरह से सामान्य है।
       


बताते चलें कि जनसंवाद मंच के सुनील त्रिपाठी ने गोण्डा पुलिस को ट्वीट कर यह आरोप लगाया था कि कुछ लोग सोशल मीडिया के जरिए घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। इस ट्वीट के जवाब में एसपी ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार कर रहे लोगों को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
    

विदित हो कि मंगलवार की देर रात कोतवाली देहात क्षेत्र के जमुनियाबाग में मामूली कहासुनी को लेकर मुगलजोत गांव के रहने वाले युवक विष्णु कुमार गोस्वामी को कुछ लोगों ने पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया था। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण बुधवार को इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की बाढ़ आ गई। 


लोग बिना जाने समझे घटना को लेकर पोस्ट करने लगे। सोशल मीडिया पर की जा रही पोस्ट को लेकर जनसंवाद मंच के सुनील त्रिपाठी ने गोंडा पुलिस को ट्वीट किया था और घटना को सांप्रदायिक रंग देने का आरोप लगाया था। इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए पुलिस मीडिया सेल ने पुलिस अधीक्षक के हवाले से सफाई दी। एसपी ने बताया कि पुलिस ने विष्णु को गंभीर हालत में लखनऊ के छत्रपति शाहू जी महाराज मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया है। 


विष्णु की सुरक्षा के लिए एक दरोगा व दो सिपाहियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कोतवाली देहात में जानलेवा हमला करने व 7 लॉ एमेंडमेंट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने घटना में नामजद किए गए सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
    

एसपी ने सोशल मीडिया पर घटना का दुष्प्रचार कर रहे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि बगैर जानकारी के कोई भी व्यक्ति घटना के बाबत अनर्गल पोस्ट करता है तो उसे चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे