अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर में 23 मई को होने वाले मतगणना की सभी तैयारियां जोर शोर से कराई जा रही हैं । जिला मुख्यालय स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में मतगणना कार्य संपन्न कराया जाना है जिसके लिए वेरी केटिंग तथा अन्य सुविधाओं की तैयारी जोर शोर से कराई जा रही है । जिले की चार विधानसभा की मतगणना कृषि उत्पादन मंडी समिति बलरामपुर में किया जाना है ।
चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बलरामपुर में मतगणना हेतु 325 कर्मी लगाए गए हैं जो प्रत्येक विधानसभा वार 14-14 टेबिलों पर राउंड वार गिनती करेंगे। प्रत्येक टेबल पर गणना पर्यवेक्षक, माइक्रो ऑब्जर्वर, गणना सहायक तथा एक चतुर्थ कर्मी सहित चार लोगों को लगाया जायेगा। श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र के बलरामपुर सदर , तुलसीपुर व गैसड़ी की मतगणना बलरामपुर में होगी तथा श्रावस्ती व भिनगा का गणना भिनगा में किया जायेगा एवं परिणाम बलरामपुर से घोषित होगा। जिले की उतरौला विधानसभा गोंडा लोक सभा अंतर्गत आता है जिसकी गणना भी बलरामपुर में ही की जाएगी ।
मतगणना के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बंदोबस्त किए जाने हैं ।अनावश्यक व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी और मतगणना स्थल पर प्रत्याशियों के एजेंट के बैठने तथा उन्हें ईवीएम मशीनों के देखने की टेबल के सामने ही व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है जहां से अभिकर्ता अपने प्रत्याशियों के वोटों की निगरानी कर सकेंगे । प्रत्येक टेबल के सामने बैठे अभिकर्ता ईवीएम मशीन खुलने से पूर्व सील की जांच करेंगे तथा उन्ही के सामने मशीनों को खोल कर ऑन किया जाएगा तथा बटन दबाकर रिजल्ट सामने ओपन किया जाएगा ।
जिला निर्वाचन अधिकारी जिला अधिकारी कृष्णा करुणेश ने बताया की पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराई गई है । मतगणना भी पूरी तरह से पारदर्शिता बरतते हुए निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा । गणना के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त होंगे किसी को समस्या ना हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है । कृषि उत्पादन मंडी समिति में दो स्थानो पर मतगणना कार्य संपन्न होगा । दोनों जगहों पर दो-दो विधानसभा का मतगणना संपन्न कराया जाएगा ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ