Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

सावन माह पर विशेष..........एशिया के विशाल शिवलिंग पर बुधवार से उमड़ेगा शिवभक्तों का सैलाब


अज्ञातवास के दौरान भीम ने की थी साढ़े पांच फुट ऊंचे शिवलिंग की स्थापना
 जिले के खरगूपुर क्षेत्र में स्थापित है ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ मंदिर
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। प्राचीन काल के प्रसिद्ध ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ शिव मंदिर में सावन माह के अवसर पर एक माह तक चलने वाला मेला बुधवार से शुरू होगा। महीनेभर यहांं प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशाल शिवलाट पर जलाभिषेक व पूजन-अर्चन करेंगे। सावन मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाती है।
      
 जिले के खरगूपुर नगर पंचायत से तीन किलोमीटर पश्चिम छोर पर ऐतिहासिक पृथ्वीनाथ मन्दिर है। मान्यता है कि अज्ञातवास के दौरान भीम ने शिवलिंग की स्थापना की थी। यह शिवलिंग प्राचीन काल की बताई जाती है। मन्दिर में स्थापित साढ़े पांच फुट ऊंंचा शिवलिंग काले-कसौटी वाले दुर्लभ पत्थरों से निर्मित है। टीले पर स्थित इस मंदिर के बारे में जानकारों का कहना है कि मुगल काल में उनके एक सेनापति ने पूजा-अर्चना की और मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था।

 बताते हैं कि भीम द्वारा स्थापित यह शिवलिंग धीरे-धीरे जमीन में समा गया। कालान्तर में खरगूपुर के राजा गुमान सिंह की अनुमति से यहांं के निवासी पृथ्वी सिंह ने मकान निर्माण के लिए खोदाई शुरू करायी। उसी रात स्वप्न में पता चला कि नीचे सात खण्डों का शिवलिंग दबा हुआ है। इसके बाद पृथ्वी सिंह ने पूरे टीले की पुनः खोदाई करायी, जहांं पर एक विशाल शिवलिंग उभर कर सामने आया। उन्होंने इसके बाद हवन के उपरान्त पूजन-अर्चन शुरू कराया। 

बताया जाता है कि तभी से इसका नाम पृथ्वीनाथ मन्दिर के नाम से प्रसिद्ध हो गया और बड़ी संख्या में लोगों के आस्था का केंद्र बन गया। कहा जाता है कि लगभग तीन दशक पूर्व तत्कालीन सांसद कुंवर आनन्द सिंह के पत्र पर पुरातत्व विभाग द्वारा जांंच की गई जिसमें पाया गया कि उक्त मन्दिर में स्थित शिवलिंग एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है, जो पांंच हजार वर्ष पूर्व महाभारत काल का है। लोगों का मानना है कि यहांं सच्चे मन से दर्शन, पूजन व जलाभिषेक करने से मनवांछित फल प्राप्त होता है।
      
श्रावण मास के अवसर पर बुधवार से शुरू होकर एक माह तक मेले व जलाभिषेक कार्यक्रम को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए मण्डल मुख्यालय व आस-पास के थानों के अतिरिक्त स्थानीय पुलिस व पीएसी बल तैनात किये जाएंंगे। खरगूपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि भीड़ के मद्देनजर मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की मांंग की गयी है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे