रूपईडीह के बिरमापुर का मामला, ग्रामीणों ने सीडीओ से की शिकायत
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव पर शौचालय निर्माण का चेक देने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने सम्पूर्ण समाधान दिवस तथा मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत की है।
मामला विकास खण्ड रुपईडीह की ग्राम पंचायत विरमापुर का है। मंगलवार को यहां के निवासी संगमलाल, राजेश कुमार, सुभाष तिवारी, अवधेश सोनकर व राजेश सोनकर ने सम्पूर्ण समाधान दिवस तथा मुख्य विकास अधिकारी को पत्र देकर शिकायत की है जिसमें ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि छह छह हजार रूपये का चेक एक वर्ष पहले दिया गया था,
लेकिन उसके बाद उनको आज तक दूसरी किश्त नहीं दी गयीजबकि कुछ लोगों को तो पहले कह दिया गया कि शौचालय का पूरा निर्माण पूरा होने के बाद एकमुश्त 12 हजार रूपये का चेक दे दिया जायेगा।ग्रामीणों ने बताया कि गांव के तेजराम, बच्चाराम, डब्लू, तुंगनाथ तिवारी सहित दर्जन भर लोगों ने शौचालय का पूरा निर्माण करा लिया, लेकिन आज तक एक भी रूपया उनको नहीं दिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि शौचालय का चेक उन्हीं लोगों को दिया जाता है, जो लोग प्रधान व सचिव को शौचालय के नाम पर सुविधा शुल्क देते हैं। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें 12 हजार रूपये का एकमुश्त चेक दे दिया गया है, लेकिन आज तक उन लोगों ने शौचालय का निर्माण नहीं कराया है।
ग्राम प्रधान जगदीश प्रसाद ने बताया कि सुविधा शुल्क किसी से नहीं लिया गया है। आरोप निराधार है। खाते में पैसा आने के बाद बचे लोगों को शौचालय का चेक दिया जायेगा। वहीं ग्राम सचिव योगेश दूबे ने बताया कि मैंने किसी से कोई सुविधा शुल्क नहीं लिया है। शीघ्र ही छूटे हुए लोगों का एमआईएस फीडिंग कराकर शौचालय का चेक दे दिया जायेगा।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ