हजरतगंज की हलवासिया चौकी प्रभारी स्कूलों में चला रहे विशेष जागरूकता अभियान
ए. आर. उस्मानी
लखनऊ। अमूमन देखा जाता है कि पुलिस को देखकर बच्चे डर जाते हैं और उनकी लाख कोशिशों के बाद भी पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाते हैं। बच्चों के मन और दिल से खाकी वर्दी का खौफ निकालने की मंशा के तहत इस समय हजरतगंज कोतवाली के हलवासिया चौकी प्रभारी प्रियम्बद मिश्र विशेष अभियान चला रहे हैं, जिसके तहत स्कूलों में जाकर बच्चों को बताया जा रहा है कि पुलिस अंकल आपके दोस्त हैं। आप अपनी प्रॉब्लम्स इनसे बेझिझक शेयर कर सकते हैं। छात्र - छात्राओं को जागरूकता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बारीकियों से एसआई श्री मिश्र ने अवगत कराया। उन्होंने बच्चों का आह्वान करते हुए कहा कि आप निर्भीक और निडर बनें, क्योंकि आप देश का भविष्य हैं।
लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली की हलवासिया चौकी के प्रभारी प्रियम्बद मिश्र शासन, डीजीपी एवं एसएसपी की मंशा के तहत क्षेत्र के स्कूलों में विशेष अभियान चलाकर बच्चों को जागरूक कर रहे हैं। छात्र और छात्राओं से ट्यूशन, स्कूल व बाजार के दौरान ऑन रोड होने वाली परेशानियों पर चर्चा की गई। सबसे ज्यादा फोकस सेफ्टी पर किया गया। तेज तर्रार एसआई प्रियम्बद मिश्र ने बच्चों को आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए बताया कि वे कैसे गंदे लोगों को सबक सिखा सकते हैं।
जब एसआई का बच्चों को अपनापन मिला तो वे भी मुखर हो गये। बच्चे भी खुलकर बोले और प्रॉमिस किए कि वे पुलिस अंकल से अपनी समस्याओं को जरूर साझा करेंगे। अब वे खाकी वर्दी देखकर डरेंगे नहीं, बल्कि अपनी बातें डटकर कहेंगे। श्री मिश्र ने भी बच्चों से कहा कि पुलिस से डरकर नहीं, बल्कि डटकर मिलें। पुलिस आपकी दोस्त है। आप इससे अपनी हर प्रॉब्लम्स शेयर कर सकते हैं। चौकी प्रभारी ने बच्चों को सतर्क रहने की सलाह दी।
कहा कि यदि कोई अंजान व्यक्ति आपको टॉफी, चॉकलेट, बिस्किट या अन्य किसी भी प्रकार का कोई सामान दे तो उसे आप कतई न लें। यदि कोई आपका पीछा करे, आपको बार-बार घूरकर देखे, डराए, धमकाए अथवा किसी अन्य प्रकार का प्रलोभन दे तो आप इसकी सूचना तुरंत पुलिस या डायल 100 को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हलवासिया चौकी प्रभारी श्री मिश्र ने डायल 100, पुलिस कंट्रोल रूम, चाइल्ड लाइन सहित अपना नंबर देते हुए कहा कि आप डरें नहीं, पुलिस आपकी दोस्त है और आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा, हर समय तत्पर है। उन्होंने कहा कि दोस्तों से भी हमेशा अपना एक दायरा बनाकर रखें। बहकावे में कतई न आएं। यदि आपको कुछ गलत लगता है तो इसकी सूचना तत्काल अपने अभिभावक, प्रिंसिपल या पुलिस को दें। हम हर समय, हर कदम पर आपके साथ हैं।
बताते चलें कि हलवासिया चौकी प्रभारी प्रियम्बद मिश्र क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक स्कूलों में अब तक इस विशेष सतर्कता अभियान के तहत कार्यक्रम कर बच्चों को जागरूक करने का प्रयास कर चुके हैं और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के प्रिंसिपल के साथ ही समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का वादा किया।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ