अखिलेश्वर तिवारी
गंभीर अवस्था में लक्ष्मी देवी को ट्रामा सेंटर किया गया रेफर
लक्ष्मी पति द्वारा किए गए दूसरी शादी का कर रही थी विरोध
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू के आरोपियों की तलाश
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के थाना ललिया क्षेत्र के ग्राम कोंड़री में पति पत्नी के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि पति ने अपनी ही पत्नी को गोली मारकर हत्या करने का प्रयास किया । हालाकी पति राजेश कुमार के द्वारा चलाई गई गोली पत्नी लक्ष्मी देवी के हाथ तथा पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई । स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल हंड्रेड के पुलिस ने घायल लक्ष्मी को हॉस्पिटल पहुंचाया जहां से ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया ।
थाना अध्यक्ष ललिया अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि घायल लक्ष्मी देवी के पति राजेश ने कुछ दिन पूर्व दूसरी शादी कर ली थी जिसका विरोध लक्ष्मी कर रही थी । राजेश अपनी दूसरी पत्नी व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ श्रावस्ती जिले के लक्ष्मणपुर में रह रहा था । जबकि लक्ष्मी पति के पैतृक गांव कोड़री में बने मकान में रह रही थी जिसका राजेश तथा उसके परिवार के लोग विरोध कर रहे थे । वे लोग नहीं चाहते थे कि लक्ष्मी हमारे घर में रहे ।
वह लोग लक्ष्मी को घर से बाहर निकाल चुके थे परंतु लक्ष्मी जबरन उस घर में रह रही थी । शुक्रवार की रात राजेश तथा उसके परिवार के कुछ लोग कोड़री गांव स्थित अपने घर पर आए और लक्ष्मी को घर से बाहर निकालने लगे जिसका विरोध करने पर राजेश ने लक्ष्मी के ऊपर गोली चला दी । गोली लक्ष्मी के हाथ था पैर में लगी जिससे वह घायल होकर गिर गई । घटना के बाद राजेश तथा उनके साथ आए लोग वहां से फरार हो गए ।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया यहां से हालत नाजुक होने के कारण ट्रामा सेंटर लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया । उन्होंने बताया कि घायल लक्ष्मी देवी की तहरीर पर 4 लोगों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत करके छानबीन शुरू कर दी गई है । तहरीर में लक्ष्मी देवी ने पति राजेश कुमार, देवर राकेश कुमार, ससुर रामबरन तथा सास उगरा देवी को नामजद किया है । सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है । पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने थाना अध्यक्ष ललिया से पूरे प्रकरण की जानकारी लिया तथा निर्देश दिया है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करें ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ